खट्टर ने कोविड-19 स्थिति पर की सर्वदलीय बैठक की अध्यक्षता
खट्टर ने कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए हरियाणा सरकार के कदमों का समर्थन करने पर राज्य के सभी नेताओं का आभार व्यक्त किया।
चंडीगढ़, 30 अप्रैल हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कोविड-19 की स्थिति पर बृहस्पतिवार को एक सर्वदलीय बैठक की अध्यक्षता की और कहा कि राज्य के वरिष्ठ राजनीतिक नेताओं ने संकट से निपटने के लिए सरकार द्वारा उठाए गए कदमों को पूरा समर्थन दिया है।
खट्टर ने कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए हरियाणा सरकार के कदमों का समर्थन करने पर राज्य के सभी नेताओं का आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में यह सर्वदलीय बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से दो घंटे तक चली जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता विपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा, उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला, गृह मंत्री अनिल विज और इनेलो विधायक अभय सिंह चौटाला तथा अन्य नेता मौजूद थे।
बैठक के बाद एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि झज्जर, सोनीपत, गुरुग्राम और फरीदाबाद की सीमाओं से होनी वाली दैनिक यात्रा पर कड़ी रोक लगाए जाने के हालिया फैसले को पूर्ण समर्थन मिला।
ये जिले राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के अंतर्गत आते हैं।
हरियाणा कहता रहा है कि राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के उसके जिलों में कोरोना वायरस के कई मामले राष्ट्रीय राजधानी से जुड़े हैं।
गृह मंत्री अनिल विज ने उम्मीद जताई कि अंतरराज्यीय आवागमन पर प्रतिबंध से हरियाणा जल्द ही कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने में सफल होगा।
लॉकडाउन के बाद हुई चौथी बैठक में नेताओं को जानकारी दी गई कि गेहूं और सरसों की खरीद पूरे जोरों पर है। बुधवार तक लगभग 30 लाख मीट्रिक टन गेहूं और 2.90 लाख टन से अधिक सरसों की खरीदारी की जा चुकी है।
बैठक में यह भी निर्णय किया गया कि खाद्य आपूर्ति विभाग, कुरुक्षेत्र के निरीक्षक की आत्महत्या के मामले को जांच के लिए सीबीआई को सौंपा जाए।
निरीक्षक आशीष ने शुक्रवार को जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली थी। उनकी पत्नी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके पति ने ऐसा कदम विभाग के अधिकारियों द्वारा किए जा रहे उत्पीड़न की वजह से उठाया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 30, 2020 05:36 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

