देश की खबरें | खरगे ने केजरीवाल को फोन किया, एकजुटता प्रकट की

नयी दिल्ली, 15 अप्रैल कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा कथित आबकारी नीति घोटाला मामले में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को समन किए जाने के मद्देनजर उनसे फोन पर बात की है।

कांग्रेस सूत्रों ने यह जानकारी दी है।

सूत्रों ने बताया कि खरगे ने शुक्रवार शाम केजरीवाल को फोन किया और एकजुटता प्रकट की तथा दोनों नेताओं की यह राय थी कि 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए व्यापक विपक्षी एकजुटता होनी चाहिए।

केजरीवाल को सीबीआई ने रविवार को पूछताछ के लिए तलब किया है।

खरगे ने आम आदमी पार्टी के संयोजक को ऐसे समय फोन किया है, जब विपक्षी दलों को एकजुट करने के लिए मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस की तरफ से प्रयास तेज हो गए हैं।

कांग्रेस अध्यक्ष खरगे और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने पिछले दिनों बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के साथ विपक्षी एकजुटता को लेकर विस्तृत चर्चा की थी।

इसके बाद नीतीश कुमार ने केजरीवाल और वामपंथी नेताओं सीताराम येचुरी एवं डी राजा से मुलाकात की थी। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रमुख शरद पवार ने भी खरगे और राहुल गांधी के साथ विपक्षी एकजुटता को लेकर मंत्रणा की थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)