देश की खबरें | खरगे और राहुल की असम के कांग्रेस नेताओं के साथ बैठक, लोकसभा चुनाव की तैयारियों पर चर्चा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को पार्टी की असम इकाई के नेताओं के साथ बैठक की, जिसमें अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव की तैयारियों के बारे में चर्चा की गई।
नयी दिल्ली, आठ अगस्त कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को पार्टी की असम इकाई के नेताओं के साथ बैठक की, जिसमें अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव की तैयारियों के बारे में चर्चा की गई।
पार्टी मुख्यालय में हुई इस बैठक में कांग्रेस के संगठन महासचिव के सी वेणुगोपाल, पार्टी महासचिव एवं असम प्रभारी जितेंद्र सिंह, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भूपेन बोरा, सांसद गौरव गोगोई, अब्दुल खालिक और कई अन्य नेता मौजूद थे।
बैठक के बाद खरगे ने ट्वीट किया, ‘‘असम में कांग्रेस पार्टी लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुट गई है। हम संगठन को फिर से मजबूत कर रहे हैं। सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को लोगों तक पहुंचना चाहिए और भाजपा के कुशासन और अक्षमता को उजागर करना चाहिए।’’
उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस पार्टी ने असम का निर्माण किया और राज्य में शांति, प्रगति और कल्याण सुनिश्चित किया। आज असम प्रदेश कांग्रेस के नेताओं के साथ रणनीति बैठक में राज्य के सामने आने वाले कुछ महत्वपूर्ण मुद्दों पर ध्यान केंद्रित किया गया।’’
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने फेसबुक पोस्ट में कहा, "अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए रणनीति बैठक के दौरान असम कांग्रेस के नेताओं से मुलाकात की। बैठक का नेतृत्व कांग्रेस अध्यक्ष खरगे जी ने किया। शांति और समृद्धि वे मूलभूत स्तंभ रहे हैं जिन पर कांग्रेस पार्टी ने एक प्रगतिशील असम का निर्माण किया। "
उन्होंने कहा, "भाजपा की 'डबल इंजन' सरकार के कुशासन ने इन स्तंभों को ध्वस्त कर दिया है। हम यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं कि ऐसे चलन पर विराम लगे और लोगों की भलाई के लिए समय बदले।"
पिछले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस असम की कुल 14 सीट में से सिर्फ तीन जीत पायी थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)