Heeraben Modi Dies: अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और कई अन्य कांग्रेस नेताओं ने प्रधानमंत्री की मां के निधन पर दुख जताया
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पार्टी के कई अन्य नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मां हीराबेन मोदी के निधन पर शुक्रवार को दुख जताया और परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की.
नयी दिल्ली, 30 दिसंबर : कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे (Mallikarjun Kharge) और पार्टी के कई अन्य नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (Narendra Modi) की मां हीराबेन मोदी के निधन पर शुक्रवार को दुख जताया और परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की. खरगे ने ट्वीट किया, "श्रीमती हीराबेन मोदी के निधन के बारे में सुनकर बहुत दुख हुआ. नरेन्द्र मोदी जी के प्रति गहरी संवेदना है. दुख की इस घड़ी में पूरे परिवार के प्रति हमारी संवेदना है."
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की माता जी के निधन का दुखद समाचार मिला. ईश्वर दिवंगत पुण्यात्मा को श्रीचरणों में स्थान दें एवं मोदी जी और उनके परिवार के समस्त सदस्यों को पीड़ा के इन क्षणों में साहस दें. ओम शांति!" यह भी पढ़ें : Heeraben Modi Dies: पीएम मोदी की मां हीराबेन का 100 साल की उम्र में निधन, राष्ट्रपति, गृह मंत्री सहित कई नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ट्वीट किया, "माननीय प्रधानमंत्री जी को मातृ शोक का दुखद समाचार प्राप्त हुआ. माँ का जाना जीवन से मुख्य आधार स्तंभ के ढह जाने जैसा होता है. एक ऐसी क्रिया है जिसकी शून्यता सदैव अनुभव होती है." उन्होंने कहा, "इस शोक की घड़ी में ईश्वर मोदी जी, उनके परिवारजनों को साहस और माता जी की आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दे. कांग्रेस के कुछ अन्य नेताओं ने भी प्रधानमंत्री की मां के निधन पर शोक जताया.
(The above story first appeared on LatestLY on Dec 30, 2022 09:10 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

