एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | खांडू ने अरुणाचल में स्वास्थ्य क्षेत्र में सुधारों के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने शनिवार को कहा कि स्वास्थ्य और शिक्षा उनकी सरकार की दो शीर्ष प्राथमिकताएं हैं।

देश की खबरें | खांडू ने अरुणाचल में स्वास्थ्य क्षेत्र में सुधारों के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई

नामसाई (अरुणाचल प्रदेश), 12 जुलाई अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने शनिवार को कहा कि स्वास्थ्य और शिक्षा उनकी सरकार की दो शीर्ष प्राथमिकताएं हैं।

नामसाई जिला अस्पताल की नवनिर्मित मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य (एमसीएच) इकाई का उद्घाटन करने के बाद उन्होंने स्वास्थ्य क्षेत्र में जनशक्ति की कमी को दूर करने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता की पुष्टि की।

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग में एक हजार से अधिक पद पहले ही सृजित किए जा चुके हैं और भर्ती के विभिन्न चरणों में हैं, जबकि महत्वपूर्ण रिक्तियों को भरने के लिए प्रयास जारी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नामसाई में सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) के तहत एक नया चिकित्सा कॉलेज बनाया जा रहा है तथा उपमुख्यमंत्री चौना मीन इस क्षेत्र में उच्च गुणवत्ता वाली सुविधा सुनिश्चित करने के लिए शीर्ष संस्थानों के साथ विचार-विमर्श कर रहे हैं।

खांडू ने कहा, ‘‘सरकार चाहती है कि नामसाई में प्रथम श्रेणी का चिकित्सा कॉलेज स्थापित किया जाए, ताकि राज्य के पूर्वी जिलों के युवाओं की आकांक्षाएं पूरी हो सकें।’’

अस्पताल के अपने दौरे के दौरान खांडू ने मरीजों को फलों की टोकरियां वितरित कीं और चिकित्सा कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना की।

उन्होंने कहा, ‘‘पिछले तीन वर्षों में, हमने राज्य के स्वास्थ्य क्षेत्र में जनशक्ति की कमी को दूर कर लिया है, लेकिन चुनौतियां अभी भी बनी हुई हैं। विभाग स्थिति से अवगत है और चुनौतियों से निपटने के लिए हरसंभव प्रयास कर रहा है।’’

उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों से विभाग के प्रयासों में सहयोग जारी रखने का आह्वान किया। उन्होंने दोहराया कि सरकार स्वास्थ्य और शिक्षा दोनों क्षेत्रों को केंद्रित तरीके से समर्थन दे रही है। उन्होंने कहा, ‘‘बेहतर स्वास्थ्य से लोगों की रक्षा होती है और शिक्षा उन्हें विकास की ओर ले जाती है। ये दोनों हमारी सर्वोच्च प्राथमिकताएं हैं।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 12, 2025 07:26 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).