देश की खबरें | केरल: विजयन के बयान पर यूडीएफ का पलटवार, कहा- भ्रष्टाचार में डूबी हुई है के-फोन परियोजना

तिरुवनंतपुरम, छह जून केरल में कांग्रेस के नेतृत्व वाले विपक्षी गठबंधन संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) ने मुख्यमंत्री पिनराई विजयन के बयान पर पलटवार करते हुए मंगलवार को कहा कि वाम सरकार की केबल फाइबर ऑप्टिक नेटवर्क (के-फोन) परियोजना भ्रष्टाचार में डूबी हुई है।

एक दिन पहले विजयन ने यूडीएफ पर राज्य के विकास का विरोध करने के तरीके तलाशने का आरोप लगाया था।

विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष वी.डी सतीशन ने आरोप लगाया कि परियोजना की लागत को 1,028 करोड़ रुपये से 50 प्रतिशत बढ़ाकर 1,548 करोड़ रुपये करने से भ्रष्टाचार हुआ। साथ ही उप अनुबंध प्रदान करने में भी भ्रष्टाचार हुआ।

सतीशन ने दावा किया कि दो आपराधिक मामलों, लाइफ मिशन घोटाले और राजनयिक सामान के जरिए सोने की तस्करी में आरोपी विजयन के पूर्व प्रधान सचिव एम. शिवशंकर के पत्र के आधार पर परियोजना की लागत 50 प्रतिशत बढ़ाई गई।

उन्होंने आरोप लगाया कि परियोजना की निविदा भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (बीईएल) ने जीत लिया था, लेकिन काम का ठेका आखिरकार मुख्यमंत्री से जुड़ी एक कंपनी को दे दिया गया।

सतीशन ने कहा, “यह सबकुछ भ्रष्टाचार की ओर इशारा करता है।”

इससे पहले, सोमवार को विजयन ने केरल फाइबर (के-फोन) परियोजना की शुरुआत करने के बाद कहा था कि विपक्षी यूडीएफ राज्य में किसी भी तरह के विकास का विरोध करता है।

सतीशन ने मुख्यमंत्री के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि विपक्ष के-फॉन परियोजना या लोगों को लाभ पहुंचाने वाली अन्य पहलों के खिलाफ नहीं है, बल्कि वह इन परियोजनाओं की आड़ में हो रहे कथित भ्रष्टाचार का विरोध कर रहा है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)