देश की खबरें | केरल : राजीव चंद्रशेखर, के सी वेणुगोपाल ने लोकसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार व केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर और कांग्रेस महासचिव के. सी. वेणुगोपाल सहित अन्य उम्मीदवारों ने लोकसभा चुनाव के लिए बृहस्पतिवार को केरल से अपना नामांकन दाखिल किया।
तिरुवनंतपुरम, चार अप्रैल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार व केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर और कांग्रेस महासचिव के. सी. वेणुगोपाल सहित अन्य उम्मीदवारों ने लोकसभा चुनाव के लिए बृहस्पतिवार को केरल से अपना नामांकन दाखिल किया।
तिरुवनंतपुरम लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रहे चंद्रशेखर ने जिलाधिकारी के समक्ष अपना नामांकन दाखिल किया। उनके साथ विदेश मंत्री एस. जयशंकर और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अन्य वरिष्ठ नेता भी मौजूद थे।
उनका मुकाबला कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व मौजूदा सांसद शशि थरूर और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के दिग्गज नेता पन्नियन रवींद्रन से है।
इससे पहले थरूर ने तिरुवनंतपुरम से लगातार चौथी बार जीत हासिल करने का भरोसा जताया था।
थरूर ने कहा था, ''पहले स्थान पर कौन होगा इसको लेकर कोई संदेह नहीं है और बहस सिर्फ इस बात पर है कि दूसरे नंबर पर कौन रहेगा। हालांकि इसे त्रिकोणीय लड़ाई माना जा रहा है लेकिन मुझे लगता है कि लड़ाई कांग्रेस और भाजपा के बीच ही है।''
वेणुगोपाल ने अलप्पुझा में चुनाव अधिकारी के समक्ष नामांकन दाखिल किया। उनके साथ पार्टी के वरिष्ठ नेता भी मौजूद थे।
राज्य की 20 लोकसभा सीटों के लिए नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया बृहस्पतिवार को समाप्त होगी। शुक्रवार को नामांकन पत्रों की जांच की जायेगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 04, 2024 01:34 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

