देश की खबरें | केरल: आईयूएमएल ने मलप्पुरम विभाजन के मुद्दे पर समर्थन का संकेत दिया

मलप्पुरम (केरल), दो फरवरी केरल में विपक्षी यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) में दूसरे सबसे बड़े घटक दल ‘इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग’ (आईयूएमएल) ने उत्तरी मलप्पुरम जिले के विभाजन के लिए अपना समर्थन जताया है, बशर्ते सरकार विकास के आधार पर ऐसा निर्णय ले।

आईयूएमएल के वरिष्ठ नेता एवं विधायक पी.के. कुन्हलिकुट्टी ने कहा कि संदर्भ से हटकर इस तरह की मांग करके पार्टी ने लोगों के बीच कभी भी भम्र फैलाने का प्रयास नहीं किया। वह हाल ही में यहां एक साहित्य महोत्सव में चर्चा के दौरान एक सवाल का जवाब दे रहे थे।

उन्होंने कहा कि यदि मामला विकास के मुद्दे के तौर पर उठता है तो उचित निर्णय लिया जा सकता है और इस तरह के निर्णय सरकारी तंत्र लेता है।

उन्होंने कहा कि यह सरकार पर निर्भर है कि वह जनसंख्या और अन्य प्रासंगिक कारकों के आधार पर केरल में एक नया जिला बनाए जाने का निर्णय ले। अगर ऐसी कोई चर्चा होती है तो पार्टी विचार-विमर्श करेगी और उचित तरीके से रुख स्पष्ट करेगी।

कुन्हलिकुट्टी ने कहा, ‘‘अगर विकास के लिए विभाजन जरूरी है, तो इसे लागू किया जाना चाहिए।’’ उन्होंने ये टिप्पणियां आईयूएमएल प्रमुख सैय्यद सादिक अली शिहाब थंगल की मौजूदगी में कीं।

मलप्पुरम उत्तरी केरल का एक मुस्लिम बहुल जिला है।

मुख्यमंत्री पिनराई विजयन द्वारा मलप्पुरम के बारे में हाल ही में की गई टिप्पणियों ने राज्य में विवाद खड़ा कर दिया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)