तिरुवनंतपुरम, सात जून केरल में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के नेतृत्व वाली सरकार ने राज्य में जलवायु परिवर्तन और इसके नकारात्मक असर से निपटने के लिए मंदिरों के आस-पास हरियाली बढ़ाने का फैसला किया है।
केरल सरकार ने अपने नियंत्रण वाले पांच देवस्वओम बोर्ड द्वारा संचालित 3,800 से अधिक मंदिरों के हरित आवरण में सुधार के लिए एक महत्वाकांक्षी परियोजना शुरू की है।
परियोजना में मंदिरों के परित्यक्त कुंडों का जीर्णोद्धार कर जल संसाधनों के संरक्षण और राज्य में वनों के संरक्षण की भी परिकल्पना की गई है।
‘देवनकनम चारुहरितम’ (भगवान के सुंदर हरे-भरे निवास) परियोजना को देवस्वओम बोर्ड द्वारा संचालित 3,800 से अधिक मंदिरों में लागू किया जाएगा।
राज्य के देवस्वओम मंत्री के. राधाकृष्णन ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पांच जून को यहां त्रावणकोर देवस्वओम बोर्ड (टीडीबी) के मुख्यालय परिसर में पौधारोपण कर परियोजना की शुरुआत की थी।
त्रावणकोर देवस्वओम बोर्ड के अध्यक्ष के. अनंतगोपन ने कहा कि इस संबंध में एक आदेश जारी किया गया है और राज्य में सभी देवस्वओम बोर्ड को प्रसारित किया गया है।
अनंतगोपन ने ‘पीटीआई-’ को बताया, ‘‘केरल में देवस्वओम बोर्ड के अंतर्गत ऐसे कई मंदिर हैं जिनके पास विशाल जमीन है। इसलिए इन जमीनों में वृक्ष लगाने का हमारा विचार है ताकि हम हरित आवरण को बढ़ा सकें।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY