देश की खबरें | केरल: कार में आग लगने से दंपति की मौत

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केरल के कन्नूर जिले के सरकारी अस्पताल के पास बृहस्पतिवार को एक कार में आग लग गई, जिसमें झुलसकर दंपति की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

कन्नूर (केरल), दो फरवरी केरल के कन्नूर जिले के सरकारी अस्पताल के पास बृहस्पतिवार को एक कार में आग लग गई, जिसमें झुलसकर दंपति की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि कार में छह लोग सवार थे। वाहन में आग लगने पर बच्चे समेत पीछे की सीट पर बैठे चार लोग बाहर निकलने में सफल रहे। उन्हें एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटनास्थल पर मौजूद कन्नूर सिटी पुलिस आयुक्त अजित कुमार ने पत्रकारों से कहा, ‘‘ उन्हें कोई चोट नहीं आई है। अस्पताल में उनकी जांच की जा रही है।’’

चश्मदीदों के मुताबिक, घटना के वक्त कार सवार लोग जिला अस्पताल जा रहे थे। कुछ स्थानीय लोगों का कहना है कि हादसे में जान गंवाने वाली महिला गर्भवती थी। दंपति को बचाने की कोशिश की गई, लेकिन वे असफल रहे।

एक चश्मदीद ने कहा, ‘‘हम उस समय पूरी तरह से असहाय थे क्योंकि कार का आगे का हिस्सा तुरंत आग की चपेट में आ गया था। हम उन्हें बचाने के लिए ज्यादा कुछ नहीं कर पाए क्योंकि हमें लग रहा था कि कार की तेल की टैंक में किसी भी समय विस्फोट हो सकता है।’’

वहीं पुलिस ने महिला के बारे अधिक जानकारी देने से इनकार कर दिया। पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘ चिकित्सकीय जांच के बाद ही हम कुछ कह पाएंगे।’’

उन्होंने बताया कि तकनीकी विशेषज्ञों की जांच के बाद ही आग लगने के कारणों का पता चल पाएगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\