देश की खबरें | केरल कांग्रेस ने विवादास्पद सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर ईसाइयों से माफी मांगी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केरल कांग्रेस ने सोमवार को ईसाई समुदाय से माफी मांगी। इससे एक दिन पहले कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर पोप फ्रांसिस के साथ उनकी हालिया मुलाकात को लेकर सोशल मीडिया पर कटाक्ष किया था, जिससे राज्य में राजनीतिक विवाद उत्पन्न हो गया था।

तिरुवनंतपुरम, 17 जून केरल कांग्रेस ने सोमवार को ईसाई समुदाय से माफी मांगी। इससे एक दिन पहले कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर पोप फ्रांसिस के साथ उनकी हालिया मुलाकात को लेकर सोशल मीडिया पर कटाक्ष किया था, जिससे राज्य में राजनीतिक विवाद उत्पन्न हो गया था।

कांग्रेस पार्टी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर अपने आधिकारिक हैंडल से उक्त पोस्ट को भी हटा लिया है।

कांग्रेस की केरल प्रदेश इकाई ने अपने ‘एक्स’ हैंडल पर एक ताजा पोस्ट में कहा कि यदि उसके पहले के पोस्ट से ईसाई धर्मावलंबियों को कोई "भावनात्मक या मनोवैज्ञानिक पीड़ा" हुई है तो वह उनसे बिना शर्त माफी मांगती है।

स्पष्टीकरणात्मक पोस्ट में पार्टी ने कहा कि राज्य के लोग स्पष्ट रूप से जानते हैं कि किसी भी धर्म, धर्मगुरुओं या प्रतिमाओं का अपमान और निरादर करना कांग्रेस की परंपरा नहीं है।

कांग्रेस ने कहा कि कोई भी कांग्रेस कार्यकर्ता पोप का अपमान करने के बारे में दूर-दूर तक नहीं सोचेगा, जिन्हें दुनिया भर के ईसाई भगवान के समान मानते हैं। कांग्रेस ने पोस्ट में कहा कि हालांकि, पार्टी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का मखौल उड़ाने में संकोच नहीं करती, जो खुद को भगवान बताकर देश के श्रद्धालुओं का अपमान करते हैं।

उसने कहा कि इस तरह से लोग भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष के. सुरेन्द्रन और अन्य की सांप्रदायिक सोच को समझ सकेंगे, जो मोदी के "बेशर्म राजनीतिक खेल" का मखौल उड़ाने के कांग्रेस के प्रयास को पोप के अपमान के रूप में चित्रित कर रहे हैं।

इस मुद्दे पर विवाद खड़ा करने वाले सुरेंद्रन और अन्य भाजपा नेताओं पर निशाना साधते हुए कांग्रेस ने कहा कि उनका प्रयास ईसाइयों को ऐसे लोगों के समूह के रूप में "नीचा" दिखाने का है, जिनमें कोई आत्मसम्मान नहीं है और जो सांप्रदायिक जहर फैलाते हैं।

कांग्रेस ने कहा, "यदि ईसाई समुदाय के प्रति सचमुच प्रेम है तो मोदी और उनके साथियों को, जो मणिपुर में उनके चर्च को जलाए जाने पर चुप रहे, पहले ईसाइयों से बिना शर्त माफी मांगनी चाहिए।"

केरल भाजपा ने रविवार को प्रदेश कांग्रेस इकाई पर जी-7 शिखर सम्मेलन के दौरान मोदी की पोप फ्रांसिस से मुलाकात पर उसके सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर निशाना साधा और आरोप लगाया कि ऐसा प्रतीत होता है कि उसका ‘एक्स’ हैंडल "कट्टरपंथी इस्लामवादियों या अर्बन नक्सल" द्वारा चलाया जा रहा है।

इससे पहले कांग्रेस ने अपने ‘एक्स’ हैंडल पर पोप के साथ प्रधानमंत्री मोदी की एक तस्वीर पोस्ट की थी और साथ में व्यंग्यात्मक टिप्पणी भी की थी कि "आखिरकार पोप को ईश्वर से मिलने का मौका मिल ही गया।’’

इस पोस्ट से नाराज भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्रन ने कांग्रेस की प्रदेश इकाई पर अपने सोशल मीडिया हैंडल पर राष्ट्रवादी नेताओं के खिलाफ अपमानजनक सामग्री पोस्ट करने का आरोप लगाया था।

उन्होंने कांग्रेस महासचिव के सी वेणुगोपाल पर इस पोस्ट से निश्चित रूप से अवगत होने का आरोप लगाते हुए सवाल किया कि क्या पार्टी प्रमुख मल्लिकार्जुन खरगे और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने इसका समर्थन किया है।

उनकी आलोचना के तुरंत बाद, कांग्रेस ने फिर से अपने ‘एक्स’ हैंडल के माध्यम से व्यंग्यात्मक जवाब दिया और सुरेंद्रन और "मोदी का परिवार" के अन्य लोगों को "अगली बार के लिए शुभकामनाएं’’ दीं।

प्रधानमंत्री मोदी ने शुक्रवार को पोप फ्रांसिस को भारत आने का निमंत्रण दिया और कहा कि वह लोगों की सेवा करने के लिए पोप की प्रतिबद्धता की प्रशंसा करते हैं।

इटली में जी7 शिखर सम्मेलन के पहुंच सत्र में वे गर्मजोशी से गले मिले, जहां वे कृत्रिम बुद्धिमत्ता, ऊर्जा, अफ्रीका और भूमध्य सागर के विषय पर विचार-विमर्श करने के लिए अन्य विश्व नेताओं के साथ शामिल हुए।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

Australia Women vs India Women ODI Stats: वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में एक-दूसरे के खिलाफ कुछ ऐसा रहा है भारत महिला बनाम ऑस्ट्रेलिया महिला का प्रदर्शन, यहां देखें दोनों टीमों के आंकड़े

Pakistan vs Sri Lanka, 50th Match Scorecard: रोमांचक मुकाबले में श्रीलंका को हराकर भी टूर्नामेंट से बाहर हुआ पाकिस्तान, न्यूजीलैंड ने सेमीफाइनल में बनाई जगह; यहां देखें PAK बनाम SL मैच का स्कोरकार्ड

India vs West Indies, T20 World Cup 2026 52nd Match Date And Time: कब और कितने बजे से खेला जाएगा टीम इंडिया बनाम वेस्टइंडीज के बीच सुपर-8 का महामुकाबला? इस स्टेडियम में भिड़ेंगी दोनों टीमें, यहां जानें वेन्यू समेत मैच से जुड़ी सभी जानकारी

Kolkata Weather And Rain Forecast For India vs West Indies Match: कोलकाता में भारत बनाम वेस्टइंडीज सुपर 8 मुकाबले पर बारिश का खतरा नहीं, लेकिन ओस बन सकती है बड़ा फैक्टर

\