देश की खबरें | केरल: पुतुपल्ली विधानसभा सीट के परिणाम घोषित होने के बाद कांग्रेस, माकपा कार्यकर्ताओं में झड़प
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केरल की पुतुपल्ली विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव के परिणाम घोषित होने के तुरन्त बाद शुक्रवार को मनारकाड इलाके में कांग्रेस की युवा शाखा के सदस्यों और सत्तारूढ़ मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) की युवा इकाई के सदस्यों के बीच झड़प हो गई।
कोट्टयम, आठ सितंबर केरल की पुतुपल्ली विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव के परिणाम घोषित होने के तुरन्त बाद शुक्रवार को मनारकाड इलाके में कांग्रेस की युवा शाखा के सदस्यों और सत्तारूढ़ मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) की युवा इकाई के सदस्यों के बीच झड़प हो गई।
पुलिस ने बताया कि दोनों समूहों ने एक-दूसरे पर पथराव किया और उन्हें तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया। इस दौरान पांच लोग घायल हो गए।
पुलिस ने कहा कि युवा कांग्रेस के कम से कम तीन कार्यकर्ताओं और माकपा की युवा इकाई डीवाईएफआई के दो कार्यकर्ताओं को चोटें आईं और स्थिति को काबू में कर लिया गया है।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) समेत जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी इलाके में तैनात हैं।
डीवाईएफआई सदस्यों ने आरोप लगाया कि जब कांग्रेस जश्न जुलूस निकाल रही थी तो पार्टी कार्यकर्ताओं के घरों पर हमला किया गया, वहीं युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने दावा किया कि उनकी रैली पर पत्थर फेंके गए।
इस बीच, केरल के पूर्व मुख्यमंत्री ओमन चांडी की बेटी अचू ओमन ने शुक्रवार को उन लोगों पर हमला बोला, जिन्होंने आरोप लगाया था कि पुतुपल्ली विकास के मामले में पिछड़ रहा है।
अचू ने कहा कि निर्वाचन क्षेत्र के लोगों ने उन लोगों को उचित जवाब दिया है जिन्होंने कांग्रेस के दिग्गज नेता की विरासत को कमजोर करने की कोशिश की।
अचू के भाई चांडी ओमन ने पुतुपल्ली सीट पर हुए उपचुनाव में शुक्रवार को भारी और ऐतिहासिक अंतर से जीत हासिल की। इस सीट से उनके पिता ओमन चांडी 50 साल तक विधायक रहे थे। हाल में उनका निधन हो गया था।
कांग्रेस के चांडी ओमन ने माकपा के उम्मीदवार जैक सी. थॉमस को 37,719 वोटों के अंतर से हराया।
अचू ने कहा, “हर कोई पूछ रहा था कि ओमन चांडी ने पिछले 53 वर्षों में क्या किया है; पुतुपल्ली के लोगों ने इस चुनाव के माध्यम से जवाब दिया है कि ओमन चांडी ने पिछले 53 वर्षों में जो कुछ भी किया है, वह वही है जो वे चाहते हैं।”
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)