विदेश की खबरें | केरल: मंत्री वीना जॉर्ज के इस्तीफे की मांग को लेकर भाजपा, कांग्रेस का प्रदर्शन
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. केरल के कोट्टायम मेडिकल कॉलेज की इमारत का एक हिस्सा ढहने से एक महिला की मौत के बाद विपक्षी दल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज के इस्तीफे की मांग को लेकर राज्य के कई हिस्सों में शुक्रवार को प्रदर्शन किया।
तिरुवनंतपुरम, चार जुलाई केरल के कोट्टायम मेडिकल कॉलेज की इमारत का एक हिस्सा ढहने से एक महिला की मौत के बाद विपक्षी दल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज के इस्तीफे की मांग को लेकर राज्य के कई हिस्सों में शुक्रवार को प्रदर्शन किया।
बृहस्पतिवार को हुई घटना में में बिंदु (52) नाम की एक महिला की मौत हो गई थी, जबकि तीन अन्य लोग-अलीना (11), अमल प्रदीप (20) और जिनु साजी (38) घायल हो गए थे।
भाजपा और उसकी युवा शाखा भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने राजधानी तिरुवनंतपुरम के अलावा कोल्लम और पतनमतिट्ठा सहित कई अन्य शहरों में प्रदर्शन किया।
तिरुवनंतपुरम में महिलाओं सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जॉर्ज के आधिकारिक आवास तक मार्च किया, उनके और मुख्यमंत्री पिनराई विजयन के खिलाफ नारेबाजी की तथा 'भारत माता की जय' के नारे लगाए।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन्हें रोकने के लिए पुलिस की ओर से लगाए गए बैरिकेड को पलटने की कोशिश की तथा पार्टी का झंडा लहराते हुए उन पर चढ़ गए। उन्होंने कुछ पुलिसकर्मियों की लाठियां छीन लीं, जिसके बाद प्रदर्शनकारियों पर पानी की बौछार की गई।
तिरुवनंतपुरम में कांग्रेस की महिला शाखा और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) की युवा शाखा ने भी जॉर्ज के कार्यालय के बाहर विरोध-प्रदर्शन किया और उनके इस्तीफे की मांग की।
टेलीविजन चैनल पर प्रसारित दृश्यों में भाजयुमो सदस्य कोल्लम में जिला अस्पताल में विरोध-प्रदर्शन करते और अधीक्षक कार्यालय में घुसकर नारे लगाते नजर आए।
कुछ दृश्यों में भाजपा कार्यकर्ता पतनमतिट्ठा स्थित जॉर्ज के कार्यालय के बाहर विरोध-प्रदर्शन करते हुए दिखाई दिए।
पतनमतिट्ठा में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एक ताबूत लेकर जॉर्ज के घर तक मार्च किया, जिस पर केरल का स्वास्थ्य विभाग लिखा हुआ था। उन्होंने मंत्री के इस्तीफे की मांग करते हुए नारे भी लगाए।
टीवी चैनल पर प्रसारित दृश्यों के मुताबिक, कोट्टायम में बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मेडिकल कॉलेज तक मार्च किया और वहां मौजूद पुलिसकर्मियों पर लाठियां फेंकी।
प्रसारित दृश्यों में प्रदर्शनकारियों को बैरिकेड के ऊपर चढ़ते देखा जा सकता है, जिसके बाद पुलिस ने उन पर पानी की बौछार की। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए विभिन्न जगहों पर बैरिकेड लगाए हैं।
पलक्कड़ से कांग्रेस विधायक राहुल ममकूटथिल ने बिंदु की मौत को "संस्थागत हत्या" करार दिया और आरोप लगाया कि जॉर्ज इसके लिए मुख्य रूप से जिम्मेदार व्यक्ति हैं।
ममकूटथिल ने कहा कि जिलाधिकारी की ओर से की जा रही जांच अस्वीकार्य है, क्योंकि मेडिकल कॉलेज में होने वाले विकास कार्यों की निगरानी उनके अधीन है।
कोट्टायम सरकारी मेडिकल कॉलेज के वार्ड 10, 11 और 14 के पास स्थित शौचालय परिसर बृहस्पतिवार को उस समय ढह गया था, जब अस्पताल का परिचालन पूरी तरह से नवनिर्मित सर्जिकल ब्लॉक में स्थानांतरित करने की प्रक्रिया जारी थी।
घटना के बाद कांग्रेस नीत विपक्षी गठबंधन यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) ने बचाव अभियान शुरू करने में देरी का आरोप लगाते हुए दावा किया कि लापता महिला के रिश्तेदारों की ओर से चिंता जताए जाने के बाद ही खोज अभियान गंभीरता से शुरू किया गया।
कोट्टायम जिले की बिंदु को घटना के दो घंटे से ज्यादा समय बाद मलबे से निकाला गया और उसे मृत घोषित कर दिया गया।
मेडिकल कॉलेज में बिंदु की बेटी की सर्जरी होनी थी और इसी के लिए वह अस्पताल में थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 04, 2025 03:56 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

