देश की खबरें | केंद्र एवं फड़णवीस आरे में मेट्रो कारशेड का ‘बाल हठ’ छोड़ें: जगताप
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस की मुंबई इकाई ने सोमवार को कहा कि वह हरित क्षेत्र आरे में मेट्रो रेल कारशेड के निर्माण के बिल्कुल विरूद्ध है। महानगर पार्टी अध्यक्ष भाई जगताप ने केंद्र सरकार एवं महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस से इस योजना को लेकर ‘बाल हठ’ को छोड़ देने की अपील की।
मुंबई, चार जुलाई कांग्रेस की मुंबई इकाई ने सोमवार को कहा कि वह हरित क्षेत्र आरे में मेट्रो रेल कारशेड के निर्माण के बिल्कुल विरूद्ध है। महानगर पार्टी अध्यक्ष भाई जगताप ने केंद्र सरकार एवं महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस से इस योजना को लेकर ‘बाल हठ’ को छोड़ देने की अपील की।
एकनाथ शिंदे सरकार द्वारा सबसे पहले लिये गये निर्णयों में से एक, आरे में मेट्रो लाइन थ्री के लिए कारशेड के निर्माण की अनुमति देना था। ऐसा कर उसने कंजुरमार्ग में इस कारशेड का निर्माण करने की पिछली (उद्धव ठाकरे) सरकार की परियोजना पलट दी। आरे में इस कारशेड परियोजना का पर्यावरण कार्यकर्ताओं एवं कुछ राजनीतिक दलों ने विरोध किया था ।
जगताप ने एक विज्ञप्ति में कहा कि कांग्रेस आरे में कोलाबा-सीप्ज मेट्रो लाइन के लिए कारशेड बनाने की योजना का विरोध करेगी।
उन्होंने कहा, ‘‘ आरे जंगल मुंबई के प्राण हैं। यह मुंबई का फेफड़ा है। जंगल को नष्ट कर एवं पेड़ों को काटकर केंद्र की भाजपा सरकार एवं देवेंद्र फड़णवीस वहां मेट्रो कारशेड बनाने के बाल हठ पर अड़े हैं। ’’
कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘ यह एक ऐसी परियोजना है जो पर्यावरण को नष्ट करती है। इसका हर स्तर पर विरोध किया जा रहा है। मुंबईवासी आरे में यह परियोजना नहीं चाहते हैं। मेट्रो कारशेड कंजुरमार्ग में बनना चाहिए।’’
उद्धव ठाकरे ने 2019 में मुख्यमंत्री बनने के बाद कारशेड स्थल को कंजुरमार्ग में स्थानांतरित कर दिया था। लेकिन कंजुरमार्ग में संबंधित जमीन केंद्र एवं राज्य के स्वामित्व संबंधी दावे के चलते कानूनी विवाद में उलझी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)