देश की खबरें | दिल्ली में केजरीवाल की पंजाब के मुख्यमंत्री मान और विधायकों के साथ बैठक जारी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. आम आदमी पार्टी (आप) की पंजाब इकाई में असंतोष की अफवाहों के बीच पार्टी सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल की दिल्ली के कपूरथला हाउस में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, मंत्रियों और विधायकों के साथ बैठक जारी है।
नयी दिल्ली, 11 फरवरी आम आदमी पार्टी (आप) की पंजाब इकाई में असंतोष की अफवाहों के बीच पार्टी सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल की दिल्ली के कपूरथला हाउस में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, मंत्रियों और विधायकों के साथ बैठक जारी है।
पार्टी नेताओं के अनुसार, चर्चा हाल में हुए दिल्ली चुनाव में आप के प्रदर्शन की समीक्षा और 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव की योजना बनाने पर केंद्रित है। बैठक में पंजाब से राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा और संदीप पाठक समेत वरिष्ठ नेता भी शामिल हो रहे हैं।
पंजाब के संगरूर से विधायक नरिंदर कौर ने अंदरूनी असंतोष की खबरों को खारिज करते हुए इसे एक नियमित बैठक बताया। उन्होंने कहा, ‘‘हम दिल्ली में लोगों के जनादेश को स्वीकार करते हैं और एक मजबूत विपक्ष की भूमिका निभाएंगे। पंजाब और दिल्ली दोनों जगहों पर ऐसी बैठकें पहले भी हो चुकी हैं।’’
कौर ने आप में असंतोष का आरोप लगाने के लिए कांग्रेस की भी आलोचना की। उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस को इस बात पर विचार करना चाहिए कि इतने साल तक शासन करने वाली उनकी पार्टी को दिल्ली में एक भी सीट क्यों नहीं मिली। हम अपनी पार्टी को अपने दम पर संभाल सकते हैं।’’
दिल्ली में एक दशक तक शासन करने वाली आप को पांच फरवरी के दिल्ली विधानसभा चुनाव में बड़ा झटका लगा और वह 70 में से केवल 22 सीट ही जीत पाई। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत के साथ ही राष्ट्रीय राजधानी में आप का शासन खत्म हो गया, जिससे पार्टी के भविष्य को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं।
ऐसी अटकलें भी हैं कि केजरीवाल पंजाब की राजनीति में बड़ी भूमिका निभा सकते हैं, उनके लुधियाना विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की चर्चा है। हालांकि, आप सांसद मलविंदर सिंह कंग ने ऐसी खबरों को तवज्जों नहीं देते हुए बैठक को ‘‘नियमित रणनीति सत्र’’ बताया।
पंजाब आप द्वारा शासित एकमात्र राज्य है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Feb 11, 2025 12:38 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

