देश की खबरें | विसावदर विधानसभा उपचुनाव में आप की जीत के बाद केजरीवाल गुजरात की तीन दिवसीय यात्रा पर
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. गुजरात की विसावदर विधानसभा सीट के लिए हुए उपचुनाव में आम आदमी पार्टी (आप) की जीत के बाद आप संयोजक अरविंद केजरीवाल मंगलवार को राज्य के तीन दिवसीय दौरे पर रवाना हुए।
नयी दिल्ली, एक जुलाई गुजरात की विसावदर विधानसभा सीट के लिए हुए उपचुनाव में आम आदमी पार्टी (आप) की जीत के बाद आप संयोजक अरविंद केजरीवाल मंगलवार को राज्य के तीन दिवसीय दौरे पर रवाना हुए।
उनका यह दौरा आप द्वारा गुजरात में अपने संगठनात्मक विस्तार के प्रयासों के बीच हो रहा है।
आप द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, केजरीवाल संगठनात्मक बैठकों में भाग लेने और पार्टी के ‘गुजरात जोड़ो’ सदस्यता अभियान के वास्ते समर्थन जुटाने के लिए एक से तीन जुलाई तक अहमदाबाद में रहेंगे। यह अभियान दो जुलाई को अहमदाबाद में शुरू होगा और बाद में पूरे राज्य में विस्तार किया जाएगा।
अहमदाबाद रवाना होने से पहले केजरीवाल ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘विसावदर में जीत के बाद मैं कार्यकर्ताओं से मिलने आज गुजरात जा रहा हूं।’’
यह अभियान गुजरात में जमीनी स्तर पर अपनी गहरी मौजूदगी कायम करने के लिए पार्टी द्वारा नए सिरे से किए गए प्रयास को दर्शाता है। भाजपा ने राज्य में दो दशकों से अधिक समय से अपना राजनीतिक प्रभुत्व कायम रखा है।
केजरीवाल ने गुजरात और पंजाब में हाल में हुए उपचुनावों में अपनी पार्टी के प्रदर्शन की भी सराहना की, जहां पार्टी ने अपनी एक-एक सीट बरकरार रखी।
उन्होंने कहा, ‘‘2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव में आप का बड़ा तूफान आएगा। गुजरात में लोगों ने भाजपा और कांग्रेस दोनों को खारिज करने का फैसला किया है।’’
गुजरात में जूनागढ़ जिले की विसावदर सीट पर उपचुनाव में आप के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गोपाल इटालिया ने जीत दर्ज की, जिन्होंने भाजपा उम्मीदवार किरीट पटेल को 17,554 मतों के अंतर से हराया।
चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, इटालिया को 75,942 वोट मिले, जबकि पटेल को 58,388 वोट मिले।
आप नेतृत्व ने उपचुनाव के नतीजों को दिल्ली विधानसभा चुनाव में पार्टी की हालिया हार के बाद केजरीवाल की राष्ट्रीय राजनीति में ‘सशक्त वापसी’ का संकेत बताया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 01, 2025 08:06 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

