देश की खबरें | रक्त में शर्करा की मात्रा में वृद्धि के बाद केजरीवाल को दिया गया इंसुलिन, ‘आप’ ने कदम का स्वागत किया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के रक्त में शर्करा की मात्रा बढ़ने के बाद उन्हें इंसुलिन दी गई। तिहाड़ जेल के अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
नयी दिल्ली, 23 अप्रैल दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के रक्त में शर्करा की मात्रा बढ़ने के बाद उन्हें इंसुलिन दी गई। तिहाड़ जेल के अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
आम आदमी पार्टी (आप) ने हनुमान जयंती के मौके पर प्राप्त हुई इस जानकारी का स्वागत किया और कहा कि यह बजरंग बली के आशीर्वाद का नतीजा है।
तिहाड़ के एक अधिकारी ने कहा, ''अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के चिकित्सकों की सलाह पर केजरीवाल को सोमवार शाम को कम ‘डोज’ वाली इंसुलिन की दो यूनिट दी गईं।''
अधिकारी ने बताया कि शाम करीब सात बजे उनके रक्त में शर्करा की मात्रा 217 पाई गयी, जिसके बाद तिहाड़ में उनकी देखभाल कर रहे चिकित्सकों ने उन्हें इंसुलिन देने का फैसला किया।
उन्होंने बताया कि एम्स के विशेषज्ञों ने 20 अप्रैल को मुख्यमंत्री के साथ एक वीडियो कॉन्फ्रेंस के दौरान तिहाड़ के चिकित्सकों को सलाह दी थी कि अगर केजरीवाल के रक्त में शर्करा की मात्रा एक निश्चित स्तर से ऊपर चली जाती है तो उन्हें इंसुलिन दिया जा सकता है।
'आप' के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने कहा कि भगवान हनुमान का आशीर्वाद है कि लगभग 23 दिनों तक जेल में रहने और कथित दुर्व्यवहार के बावजूद आखिर मुख्यमंत्री को इंसुलिन मिल ही गया।
सिंह ने कहा, ''भगवान हनुमान का आशीर्वाद है कि केजरीवाल को 23 दिनों के बाद इंसुलिन दिया गया। हम कह रहे थे कि केजरीवाल को इंसुलिन दिये जाने की जरूरत है लेकिन उन्होंने (जेल प्रशासन) अब इंसुलिन दिया। दिल्ली के लोग केजरीवाल के बारे में चिंतित थे लेकिन उनका संघर्ष सफल हुआ।''
दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशी ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''बजरंग बली की जय। हनुमान जयंती पर मिली खुशखबरी। तिहाड़ प्रशासन ने अरविंद केजरीवाल को आखिरकार इंसुलिन दी। यह हनुमान जी के आशीर्वाद और दिल्ली वालों के संघर्ष का नतीजा है। इस संघर्ष के दौर में भी बजरंग बली का आशीर्वाद हम सब पर बना हुआ है।''
आतिशी के मंत्रिमंडल सहयोगी सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि अधिकारी केजरीवाल को जानबूझकर इंसुलिन नहीं दे रहे थे।
भारद्वाज ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''आज साफ हो गया कि मुख्यमंत्री सही थे। उन्हें इंसुलिन की जरूरत थी लेकिन भाजपा नीत केंद्र सरकार के अधिकारी जानबूझकर उनका इलाज नहीं कर रहे थे। बताओ भाजपा वालों, अगर इंसुलिन की जरूरत ही नहीं है तो अब क्यों दे रहे हैं ? क्योंकि पूरी दुनिया इन पर लानत भेज रही है।''
सिंह ने दावा किया कि केजरीवाल के साथ 'दुर्व्यवहार' किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि केजरीवाल पर निगरानी रखी जा रही है।
राज्यसभा सदस्य ने आरोप लगाया, ''प्रधानमंत्री कार्यालय और दिल्ली के उपराज्यपाल केजरीवाल की गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं। उनके कारागार की सीसीटीवी फुटेज पर नजर रखी जा रही है।''
सिंह के दावों पर तिहाड़ अधिकारियों की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 23, 2024 03:00 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

