एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | केजरीवाल ने भाजपा को चुनाव लड़ने की दी चुनौती, ‘हमले की कोशिश’ के लिए उसके ‘गुंडों’ की निंदा की

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. आम आदमी पार्टी (आप) सुप्रीमो ने शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर ‘हमले’ की साजिश रचने का आरोप लगाया।

देश की खबरें | केजरीवाल ने भाजपा को चुनाव लड़ने की दी चुनौती, ‘हमले की कोशिश’ के लिए उसके ‘गुंडों’ की निंदा की

नयी दिल्ली, 26 अक्टूबर आम आदमी पार्टी (आप) सुप्रीमो ने शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर ‘हमले’ की साजिश रचने का आरोप लगाया।

‘आप’ ने एक दिन पहले ही दावा किया था कि पश्चिमी दिल्ली के विकासपुरी में पदयात्रा के दौरान अरविंद केजरीवाल पर ‘‘भाजपा के गुंडों’’ ने हमला किया था।

‘आप’ के दावों को दोहराते हुए केजरीवाल ने उत्तर-पश्चिम दिल्ली के बादली में एक जनसभा में कहा, ‘‘कल उन्होंने (भाजपा ने) विकासपुरी में अपने गुंडों का इस्तेमाल कर मुझ पर हमला किया। क्या आप मुझे मारना चाहते हैं? अगर आपमें ताकत है तो चुनाव लड़िए।’’

यह पदयात्रा अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनावों के मद्देनजर आप नेताओं द्वारा दिल्ली भर में आयोजित की जा रही सार्वजनिक जनसभाओं की श्रृंखला का हिस्सा थी।

इस बीच, आप ने शनिवार को हमला तेज करते हुए आरोप लगाया कि केजरीवाल को खत्म करने की ‘‘गहरी साजिश’’ है। साथ ही चेतावनी दी कि अगर उन्हें कुछ भी हुआ तो इसके लिए भाजपा जिम्मेदार होगी।

राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने यहां आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘विकासपुरी की घटना में पुलिस की मिलीभगत स्पष्ट रूप से केजरीवाल की हत्या की गहरी साजिश को दर्शाती है। भाजपा उनकी जान की दुश्मन बन गई है।’’

आप नेता ने कहा कि विकासपुरी की घटना के बावजूद केजरीवाल तय कार्यक्रम के अनुसार पदयात्रा जारी रखेंगे।

सिंह से जब पूछा गया कि आप ने इस मामले में कोई शिकायत क्यों नहीं दर्ज कराई, तो उन्होंने कहा कि अगर पुलिस निष्पक्ष होती तो यह घटना नहीं होती।

राज्यसभा सदस्य ने दावा किया कि पुलिस के अधिकारियों ने हमलावरों को रोकने के लिए कुछ नहीं किया। हमलावर भाजपा की युवा शाखा से जुड़े थे।

सिंह ने कहा कि पुलिस घटना का संज्ञान ले सकती है और इसकी जांच कर सकती है। उन्होंने कहा कि आप इस मामले में आगे की कार्रवाई के लिए कानूनी सलाह ले रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Oct 26, 2024 10:00 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).