एजेंसी न्यूज

17 मई के बाद लॉकडाउन में ढील दिए जाने के संबंध में केजरीवाल ने जनता से मांगे सुझाव

हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया है कि शहर में प्रतिदिन कोरोना वायरस के अधिक मामले सामने आने के कारण लॉकडाउन पूरी तरह समाप्त नहीं किया जा सकता।

17 मई के बाद लॉकडाउन में ढील दिए जाने के संबंध में केजरीवाल ने जनता से मांगे सुझाव
जमात

नयी दिल्ली, 12 मई मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने 17 मई के बाद प्रतिबंधों में ढील दिए जाने को लेकर मंगलवार को जनता से सुझाव मांगे।

हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया है कि शहर में प्रतिदिन कोरोना वायरस के अधिक मामले सामने आने के कारण लॉकडाउन पूरी तरह समाप्त नहीं किया जा सकता।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार डॉक्टरों और विशेषज्ञों से चर्चा करने के बाद दिल्ली में लॉकडाउन में ढील दिए जाने के संबंध में बृहस्पतिवार को केंद्र को एक प्रस्ताव भेजेगी।

जनता अपने सुझाव टोल फ्री संख्या 1031, व्हाट्सएप संख्या 8800007722 या ईमेल: delhicm.suggestions@gmail.com पर बुधवार शाम पांच बजे तक भेज सकती है।

केजरीवाल ने ऑनलाइन माध्यम से किए गए संवाददाता सम्मेलन में कहा, “एक तरफ हमें खुद को कोरोना वायरस से बचाना होगा। लेकिन दूसरी तरफ हमें अर्थव्यवस्था के स्वास्थ्य का भी ध्यान रखना है।”

उन्होंने कहा, “मैं दिल्ली के लोगों से सुझाव मांगता हूं। जाहिर है कि कोविड-19 के मामलों में वृद्धि को देखते हुए लॉकडाउन पूरी तरह नहीं हटाया जा सकता।”

इस बीच अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि दिल्ली में कोविड-19 से एक दिन में 13 मरीजों की मौत हो गई जो संक्रमण के कारण रोजाना होने वाली मौत की संख्या में सर्वाधिक है।

इसके साथ ही कोरोना वायरस के 406 नए मामले सामने आए जिसके बाद संक्रमण के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 7,639 हो गई।

केजरीवाल ने दिल्ली वासियों से पूछा, “मैं पूछना चाहता हूं कि क्या 17 मई के बाद लॉकडाउन में ढील दी जानी चाहिए? किन क्षेत्रों में और कितनी ढील दी जानी चाहिए?”

उन्होंने यह भी पूछा कि क्या अब बस, मेट्रो, टैक्सी और ऑटो रिक्शा को दिल्ली में चलने की अनुमति दी जानी चाहिए?

केजरीवाल ने जानना चाहा कि क्या स्कूलों, बाजारों और औद्योगिक क्षेत्रों को 17 मई के बाद खोल दिया जाना चाहिए?

मुख्यमंत्री ने कहा, “मैं जानता हूं कि बहुत से लोगों को लॉकडाउन के कारण समस्या का सामना करना पड़ रहा है। लोग बुधवार शाम पांच बजे तक अपने सुझाव प्रेषित करें।”

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 12, 2020 04:26 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).