एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | केजरीवाल ने भाजपा पर 'आदिवासी विरोधी' होने का आरोप लगाया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर आदिवासी-विरोधी होने का आरोप लगाया और दावा किया कि आम आदमी पार्टी (आप) के गुजरात के विधायक चैतर वसावा को पिछले महीने इसलिए गिरफ्तार किया गया था, क्योंकि उन्होंने आदिवासी समुदाय के अधिकारों के लिए लड़ाई लड़ी थी।

देश की खबरें | केजरीवाल ने भाजपा पर 'आदिवासी विरोधी' होने का आरोप लगाया

नेत्रंग (गुजरात), सात जनवरी दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर आदिवासी-विरोधी होने का आरोप लगाया और दावा किया कि आम आदमी पार्टी (आप) के गुजरात के विधायक चैतर वसावा को पिछले महीने इसलिए गिरफ्तार किया गया था, क्योंकि उन्होंने आदिवासी समुदाय के अधिकारों के लिए लड़ाई लड़ी थी।

पंजाब के अपने समकक्ष भगवंत मान के साथ गुजरात के भरूच जिले के नेत्रंग में एक सार्वजनिक रैली को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने यह भी कहा कि वसावा अगले कुछ महीनों में होने वाले आम चुनावों में भरूच लोकसभा सीट से आप के उम्मीदवार होंगे।

डेडियापाड़ा से विधायक और आप के राज्य कार्यकारी अध्यक्ष वसावा को 14 दिसंबर, 2023 को नर्मदा जिले में स्थानीय आदिवासियों द्वारा वन भूमि की खेती से संबंधित एक मुद्दे को सुलझाने की कोशिश करते समय वन अधिकारियों को धमकी देने और हवा में गोलीबारी करने के मामले में आत्मसमर्पण करने के बाद गिरफ्तार किया गया था।

इस मामले में उनकी पत्नी को भी गिरफ्तार किया गया था।

केजरीवाल ने दावा किया कि आदिवासी नेता वसावा को भाजपा में शामिल होने पर करोड़ों रुपये और सरकार में मंत्री पद का लालच दिया गया था, जिसे आप विधायक ने अस्वीकार कर दिया, क्योंकि वह अपने ही समुदाय को धोखा नहीं दे सकते।

उन्होंने आप विधायक के प्रति अपना समर्थन व्यक्त करते हुए दावा किया, ‘‘भाजपा वसावा से डरी हुई है और समुदाय को यह संदेश देने के लिए उसे दबाने की कोशिश कर रही है कि अगर कोई इसके (भाजपा के) खिलाफ आवाज उठाने की कोशिश करेगा, तो उसे कुचल दिया जाएगा।''

उन्होंने कहा, "भाजपा पिछले 30 वर्षों से (गुजरात में) सत्ता में है, फिर उसने आदिवासी समुदाय के लिए कुछ क्यों नहीं किया? चैतर वसावा ने उनकी आवाज उठाई, क्योंकि भाजपा उनके लिए कुछ भी करने में विफल रही।"

आप के राष्ट्रीय संयोजक ने आरोप लगाया, "भाजपा आदिवासी समुदाय के खिलाफ है। वह आदिवासी समुदाय से नफरत करती है और शुरू से ही इस समुदाय के खिलाफ है। इसे और 30 साल दीजिए और यह आदिवासी समुदाय को नष्ट कर देगी।"

केजरीवाल ने वसावा की पत्नी को भी गिरफ्तारी से नहीं बख्शने के लिए कहा कि भाजपा "डाकूओं से भी बदतर" है।

उन्होंने कहा, दिल्ली में आप ने सभी सरकारी अस्पतालों का नवीनीकरण किया है और गुजरात में वे (भाजपा) सिविल अस्पतालों का निजीकरण कर रहे हैं।

केजरीवाल ने आरोप लगाया, ‘‘केंद्र और राज्य सरकारों की ओर से आदिवासी समुदाय के लिए लाखों-करोड़ों रुपये आवंटित किए जा रहे हैं। पैसा कहां जाता है? वे सारा पैसा चुरा लेते हैं।"

उन्होंने कहा कि वसावा ने पुलिस से भी लड़ाई की और क्षेत्र में स्कूलों की स्थिति पर आवाज उठाई।

उन्होंने कहा, ''मैं भाजपा को बताना चाहता हूं कि चैतर वसावा आपको खत्म करने के लिए उभरेंगे।''

केजरीवाल ने कहा कि वसावा भरूच से लोकसभा चुनाव के लिए आप के उम्मीदवार होंगे और पार्टी उनकी और उनकी पत्नी की जेल से रिहाई सुनिश्चित करने की पूरी कोशिश करेगी।

उन्होंने कहा कि अगर चुनाव से पहले उन्हें रिहा नहीं किया गया तो लोगों को उनकी ओर से लड़ने के लिए तैयार रहना चाहिए।

दिल्ली के मुख्यमंत्री ने कहा कि वह मान और आप के प्रदेश नेताओं के साथ सोमवार को राजपीपला जेल में वसावा से मिलेंगे। उन्होंने कहा, "यह चैतर वसावा के लिए नहीं, बल्कि पूरे आदिवासी समुदाय के सम्मान की लड़ाई है।"

उन्होंने दावा किया कि अगर आदिवासी आज चुप रहे तो भाजपा का हौसला बढ़ जाएगा और समुदाय के युवाओं को वसावा की तरह दबा दिया जाएगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jan 07, 2024 07:42 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).