सिक्किम को कोविड-मुक्त रखने के लिए सतर्कता बनाए रखें : मुख्य सचिव
जमात

गंगटोक, छह मई सिक्किम के मुख्य सचिव एस. सी. गुप्ता ने रविवार को राज्य को हर हालत में कोविड​​-19 से मुक्त रखने के लिए अत्यधिक सतर्कता बनाए रखने और सभी दिशानिर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

छह लाख से अधिक की आबादी वाला सिक्किम देश के कुछ कोविड-19-मुक्त राज्यों में से एक है।

राज्य टास्क फोर्स की बैठक की अध्यक्षता करते हुए गुप्ता ने कहा कि राज्य को घातक कोरोना वायरस के संक्रमण से मुक्त रखने के लिए केंद्र और राज्य सरकारों के सभी दिशानिर्देशों का पालन करने और सतर्क रहने की आवश्यकता है।

मुख्य सचिव ने फंसे लोगों को निकालने की प्रक्रिया की समीक्षा की और पिछले कुछ दिनों में लौटने वालों की जांच और पृथक-वास में रखने की प्रक्रिया पर संतोष व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि केंद्र द्वारा देश में लॉकडाउन के कारण फंसे लोगों को पूर्वोत्तर के राज्यों में उनके गंतव्यों तक पहुंचाने के लिए विशेष ट्रेनों का प्रावधान करने की संभावना थी।

मुख्य सचिव ने कहा कि प्रशासन द्वारा लॉकडाउन के कुछ नियमों में ढील देने के बाद सिक्किम ने आर्थिक गतिविधियों को फिर से शुरू करने के मामले में अन्य राज्यों की तुलना में बेहतर प्रदर्शन किया है।

         उन्होंने कहा कि जिला कलेक्टरों द्वारा उपलब्ध कराए गए आंकड़ों से स्पष्ट है कि अधिकांश मजदूर सिक्किम में ही रहना चाहते हैं।

उन्होंने कहा कि सिक्किम में कोविड-19 की रोकथाम के लिए नियामक उपाय के रूप में 'सिक्किम लोक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा (कोविड-19) कानून, 2020' के अनुसार सामाजिक दूरी के मानदंडों का उल्लंघन करना और सार्वजनिक स्थानों पर मास्क नहीं पहनना दंडनीय अपराध है।

मुख्य सचिव ने सभी जिला कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों को सख्त निर्देश दिए कि वे नियमों को सख्ती से लागू करें और यह सुनिश्चित करें कि सामाजिक सुरक्षा के नियमों का उल्लंघन ना हो।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)