देश की खबरें | भाजपा को मिल रहे ‘व्यापक’ जन समर्थन से चिंतित है केसीआर: नड्डा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा ने मंगलवार को पार्टी की तेलंगाना इकाई के अध्यक्ष बी संजय कुमार को हिरासत में लिए जाने की कड़ी निंदा करते हुए इसे ‘‘अवैध’’ करार दिया।
नयी दिल्ली, 23 अगस्त भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा ने मंगलवार को पार्टी की तेलंगाना इकाई के अध्यक्ष बी संजय कुमार को हिरासत में लिए जाने की कड़ी निंदा करते हुए इसे ‘‘अवैध’’ करार दिया।
नड्डा ने सिलसिलेवार ट्वीट में कहा कि राज्य की भ्रष्ट और परिवार केंद्रित सरकार के खिलाफ भाजपा को मिल रहे व्यापक जन समर्थन से मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव चिंतित हैं।
उन्होंने कहा कि तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) के खिलाफ भाजपा की लोकतांत्रिक लड़ाई जारी रहेगी और पार्टी यह सुनिश्चित करेगी कि आगामी विधानसभा चुनावों में टीआरएस का सूपड़ा साफ हो।
नड्डा ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘तेलंगाना सरकार द्वारा हमारे प्रदेश अध्यक्ष बी संजय कुमार की अवैध गिरफ्तारी की मैं कड़ी निंदा करता हूं। केसीआर के भ्रष्ट और परिवार केंद्रित शासन के खिलाफ राज्य के विभिन्न कोनों से भाजपा को मिल रहे व्यापक समर्थन से मुख्यमंत्री चिंतित हैं।’’
एक अन्य ट्वीट में नड्डा ने कहा, ‘‘हम लोकतांत्रिक तरीके से अपनी लड़ाई लड़ते रहेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि आने वाले विधानसभा चुनावों में टीआरएस और केसीआर का पूरी तरह से सफाया हो।’’
मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव का लोकप्रिय नाम केसीआर है।
इससे पहले, भाजपा की तेलंगाना इकाई ने दावा किया कि बी संजय कुमार को एक विरोध प्रदर्शन के दौरान जनगांव जिले में पुलिस ने हिरासत में ले लिया और वहां से उन्हें करीमनगर स्थित उनके आवास पर भेज दिया गया।
पार्टी ने एक बयान जारी कर कहा कि कुमार की जनगांव जिले में ‘पदयात्रा’ चल रही थी और उन्हें पमनूर से हिरासत में लिया गया, जहां वह डेरा डाले हुए थे।
तेलंगाना में सत्तारूढ़ टीआरएस नेता व राज्य विधान परिषद की सदस्य के कविता का नाम दिल्ली शराब घोटाले में आने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनके आवास के बाहर प्रदर्शन किया था। इसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ पुलिस कार्रवाई की गयी थी। बी संजय कुमार इस कार्रवाई के खिलाफ जनगांव में प्रदर्शन कर रहे थे।
ब्रजेन्द्र
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)