देश की खबरें | 'एक भारत, श्रेष्ठ भारत' की भावना को लगातार मजबूत कर रहा है 'काशी तमिल संगमम' : मोदी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी.
वाराणसी (उप्र), 17 दिसंबर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को कहा कि 'काशी तमिल संगमम' कार्यक्रम 'एक भारत, श्रेष्ठ भारत' की भावना को लगातार मजबूत कर रहा है और तमिलनाडु से काशी आने का मतलब है महादेव के एक घर से उनके दूसरे घर में आना।
प्रधानमंत्री ने अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के दो दिवसीय दौरे के पहले दिन नमो घाट से ‘काशी तमिल संगमम’ के दूसरे संस्करण का शुरुआत करने के बाद अपने संबोधन में कहा, "काशी तमिल संगमम ऐसा अविरल प्रवाह है जो एक भारत श्रेष्ठ भारत की भावना को लगातार मजबूत कर रहा है। यही वह प्रवाह है जो आज हमारे राष्ट्र की आत्मा को सींच रहा है।"
उन्होंने तमिलनाडु से आए अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा, "तमिलनाडु से काशी आने का मतलब है महादेव के एक घर से उनके दूसरे घर में आना। तमिलनाडु से काशी आने का मतलब है मदुरई मीनाक्षी के यहां से काशी विशालाक्षी के यहां आना। इसलिए तमिलनाडु और काशीवासियों के बीच हृदय में जो प्रेम है वह अलग भी है और अद्वितीय भी।"
उन्होंने कहा, "पिछले वर्ष काशी तमिल संगमम शुरू होने के बाद से ही इस यात्रा से दिनोंदिन लाखों लोग जुड़ रहे हैं। विभिन्न मतों के धर्मगुरु, छात्र, कलाकार, साहित्यकार, शिल्पकार और पेशेवर और न जाने कितने क्षेत्रों के लोगों को इस संगम से आपसी संवाद और संपर्क का एक प्रभावी मंच मिला है।"
मोदी ने कहा, "इस संगम को सफल बनाने के लिए काशी हिंदू विश्वविद्यालय और आईआईटी मद्रास भी साथ आए हैं। आईआईटी मद्रास ने बनारस के हजारों छात्र-छात्राओं को विज्ञान और गणित में ऑनलाइन मदद देने के लिए विद्या शक्ति पहल शुरू की है। एक वर्ष के भीतर हुए अनेक कार्य इस बात के प्रमाण है कि काशी और तमिलनाडु के रिश्ते भावनात्मक भी हैं और रचनात्मक भी।"
प्रधानमंत्री ने कहा, "हम भारतवासी एक होते हुए भी बोली, , वेशभूषा खान-पान और रहन-सहन सहित कितनी ही विविधताओं से भरे हुए हैं। भारत की यह विविधता उस आध्यात्मिक चेतना में रची-बसी है जिसके लिए तमिल में कहा गया है- निलेलाम गंगै, निलमेल्लाम काशी। यह वाक्य महान पांड्य राजा पराक्रम पांडियन का है जिसका अर्थ है कि हर जल गंगाजल है और भारत का हर भूभाग काशी है।"
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)