खेल की खबरें | कार्तिक का अर्धशतक, दक्षिण अफ्रीका पर 82 रन की जीत से भारत श्रृंखला में 2-2 से बराबर
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. दिनेश कार्तिक (55 रन) के टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पहले अर्धशतक के बाद आवेश खान (18 रन देकर चार विकेट) और अन्य गेंदबाजी के शानदार प्रदर्शन की बदौलत भारत ने शुक्रवार को यहां चौथे टी20 मैच में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 82 रन की जीत से पांच मैचों की श्रृंखला 2-2 से बराबर की।
राजकोट, 17 जून दिनेश कार्तिक (55 रन) के टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पहले अर्धशतक के बाद आवेश खान (18 रन देकर चार विकेट) और अन्य गेंदबाजी के शानदार प्रदर्शन की बदौलत भारत ने शुक्रवार को यहां चौथे टी20 मैच में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 82 रन की जीत से पांच मैचों की श्रृंखला 2-2 से बराबर की।
इससे श्रृंखला का फैसला 19 जून को बेंगलुरू में होने वाले पांचवें टी20 मैच से होगा।
श्रृंखला में 0-2 से पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करते हुए भारत की दक्षिण अफ्रीका पर टी20 में यह सबसे बड़ी जीत है।
कार्तिक (27 गेंद, नौ चौके, दो छक्के) ने अपने टी20 पदार्पण के करीब 16 साल बाद पहला अर्धशतक जड़ा और उप कप्तान हार्दिक पंड्या (46 रन) के साथ पांचवें विकेट के लिये 33 गेंद में 65 रन की साझेदारी से भारत को छह विकेट पर 169 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाने में मदद की।
इस लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीकी टीम 16.5 ओवर में महज 87 रन पर सिमट गयी। दक्षिण अफ्रीका यह टी20 में सबसे कम स्कोर है।
उसके लिये केवल तीन बल्लेबाज ही दोहरे अंक के स्कोर तक पहुंच सके। रासी वान डर डुसेन 20 रन बनाकर शीर्ष स्कोरर रहे।
भारतीय गेंदबाजों ने लगातार अंतराल पर विकेट हासिल किये जिसमें आवेश खान ने 18 रन देकर चार विकेट चटकाये जिसमें एक ओवर में तीन विकेट झटकना शामिल रहा।
युजवेंद्र चहल ने चार ओवर में 21 रन देकर दो विकेट जबकि अक्षर पटेल और हर्षल पटेल को एक एक विकेट मिला।
दक्षिण अफ्रीका कप्तान तेम्बा बावुमा 20 रन के स्कोर पर रिटायर्ड हर्ट हो गये। चोट से उबरने के बाद इस मैच में वापसी करने वाले सलामी बल्लेबाज क्विंटन डि कॉक (14 रन) एक रन लेने की गफलत में दुर्भाग्यूपूर्ण तरीके से रन आउट हो गये। दूसरे छोर पर खड़े ड्वेन प्रिटोरियस हालांकि मना कर रहे थे लेकिन डिकॉक दौड़े पड़े और हर्षल पटेल ने शानदार क्षेत्ररक्षण कर उन्हें रन आउट किया।
प्रिटोरियस पावरप्ले के अंतिम ओवर में आवेश खान का शिकार हुए और खाता भी नहीं खोल सके।
युजवेंद्र चहल ने हेनरिक क्लासेन (08)को पगबाधा आउट कर भारत को चौथा विकेट दिलाया जिससे स्कोर नौवें ओवर में तीन विकेट पर 45 रन हो गया।
दक्षिण अफ्रीका डेविड मिलर (09) से उम्मीद थी लेकिन खरा नहीं उतर सके। इसके बाद टीम ने लगातार विकेट गंवा दिये और 17वें ओवर में लुंगी एनगिडी का विकेट गिरते ही उसकी पारी खत्म हो गयी।
बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद भारतीय टीम चार विकेट पर 81 रन बनाकर जूझ रही थी जिसके बाद कार्तिक और हार्दिक (31 गेंद में तीन चौके और इतने ही छक्के) ने अर्धशतकीय साझेदारी निभाकर टीम को इस स्कोर तक पहुंचाया।
इन दोनों की बदौलत भारत ने अंतिम पांच ओवर में 73 रन जोड़े।
दक्षिण अफ्रीका ने अपने मुख्य गेंदबाज कागिसो रबाडा के चोटिल होने कारण मैच में नहीं खेलने के बावजूद भारतीयों को पावरप्ले में बैकफुट में पहुंचा दिया।
एक अन्य तेज गेंदबाज वेन पार्नेल भी चोट के कारण नहीं खेल सके जबकि डिकॉक ने रीजा हेंड्रिक्स की जगह अंतिम एकादश में वापसी की।
पावरप्ले के बाद पहली गेंद पर भारत ने अपना तीसरा विकेट इशान किशन (26 गेंद में 27 रन) में गंवाया जिससे 6.1 ओवर में स्कोर तीन विकेट पर 40 रन हो गया।
एनरिच नोर्किया के शुरूआती स्पैल की पहली गेंद पर किशन आउट हो गये। भारतीय बल्लेबाज ने शार्ट गेंद को थर्ड मैन पर पहुंचाने का प्रयास किया लेकिन बल्ला छुआकर डिकॉक को कैच दे बैठा।
भारत के शीर्ष तीन बल्लेबाज श्रृंखला में दक्षिण अफ्रीका के शानदार तेज गेंदबाजी आक्रमण के खिलाफ सहज नहीं दिखे हैं और एक बार फिर यह दिखायी दिया।
पिछले मैच में फॉर्म में लौटे रूतुराज गायकवाड़ सबसे पहले आउट हुए। उन्हें लुंगी एनगिडी ने पवेलियन भेजा।
श्रेयस अय्यर को इस श्रृंखला में शार्ट गेंदों से परेशानी हुई है और वह मार्को यानसेन की गुड लेंथ गेंद पर पगबाधा आउट हुए जिसके लिये दक्षिण अफ्रीका ने डीआरएस रिव्यू का सहारा लिया। इस तरह यानसेन ने अपने टी20 पदार्पण में पहला विकेट झटका।
पावरप्ले के बाद कप्तान ऋषभ पंत और हार्दिक ने 41 रन की साझेदारी निभाकर पारी को बढ़ाया।
भारतीय बल्लेबाजों ने दक्षिण अफ्रीका की श्रृंखला में कमजोर कड़ी यानि स्पिनरों को निशाना बनाया है और यह शुक्रवार को भी जारी रहा।
हार्दिक ने तबरेज शम्सी पर लगातार छक्के जड़े। हालांकि भारतीय कप्तान एक बार फिर वाइड गेंद पर बड़ा शॉट लगाने के प्रयास में आउट हो गया।
केशव महाराज ने जानबूझकर वाइड गेंद डाली और पंत उनके झांसे में आकर बल्ला छुआकर थर्डमैन पर खड़े खिलाड़ी को कैच देकर आउट हुए। श्रृंखला में चौथी बार पंत आफ स्टंप के बाहर जाती वाइड गेंद आउट हुए।
पर हार्दिक और कार्तिक ने मिलकर यादगार पारी खेली।
दिसंबर 2006 (भारत ने जब छोटे प्रारूप टी20 में अपना पहला मैच खेला था) में टी20 पदार्पण करने वाले कार्तिक ने अपना पहला अर्धशतक पूरा किया।
कार्तिक अपने स्वीप शॉट पर निर्भर रहे, उन्होंने स्पिनरों और तेज गेंदबाजों पर स्क्वायर लेग, काउ कार्नर और रिवर्स पर स्वीप शॉट से बाउंड्री लगायी। उनकी पारी का सबसे आकर्षक स्ट्रोक तेज गेंदबाज ड्वेन प्रिटोरियस की गेंद पर डीप स्क्वायर लेग पर था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 17, 2022 10:46 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

