देश की खबरें | कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री की टिप्पणी कांग्रेस की संस्कृति को दर्शाती है: सावंत

पणजी, 25 जुलाई कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार की "मानसिक संतुलन खोने संबंधी" टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने शुक्रवार को कहा कि यह बयान कांग्रेस की संस्कृति को दर्शाता है।

शिवकुमार ने बृहस्पतिवार को तीखी टिप्पणी करते हुए कहा था कि सावंत ने “मानसिक संतुलन खो दिया है” और कर्नाटक महादेई नदी परियोजना पर आगे बढ़ेगा। उन्होंने यह भी दावा किया था कि सावंत संघीय ढांचे से अनभिज्ञ हैं।

शिवकुमार की यह टिप्पणी उस वक्त आई जब सावंत ने विधानसभा में कहा कि गोवा राज्य महादेई नदी पर कर्नाटक द्वारा कार्य जारी रखने के खिलाफ उच्चतम न्यायालय में जाएगा।

पणजी में संवाददाताओं से बात करते हुए सावंत ने शुक्रवार को कहा, “शिवकुमार का बयान कांग्रेस की संस्कृति को दर्शाता है।”

मुख्यमंत्री ने कहा, “हम महादेई नदी का जल मोड़ने से बचाने की अपनी मांग को उच्चतम न्यायालय और केंद्र सरकार के समक्ष गंभीरता से रख रहे हैं।”

उन्होंने कहा, “वह (शिवकुमार) कांग्रेस की संस्कृति दिखा रहे हैं। हम इस मुद्दे को लेकर गंभीर हैं और केंद्र के साथ संवाद जारी रखेंगे।”

सावंत ने कहा, “जब कोई व्यक्ति निराश होता है तो वह इस तरह की का इस्तेमाल करता है। कर्नाटक के कांग्रेस नेता आपस में यह प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं कि कौन कितना नीचे गिर सकता है।”

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)