एजेंसी न्यूज

Suhas Shetty Murder Case: विहिप कार्यकर्ता सुहास शेट्टी हत्याकांड में तीन और आरोपी गिरफ्तार

मंगलुरु पुलिस की अपराध शाखा ने बाजपे थाना क्षेत्र में हुए विश्व हिंदू परिषद (विहिप) कार्यकर्ता सुहास शेट्टी हत्याकांड में शामिल तीन और फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी.

Suhas Shetty Murder Case: विहिप कार्यकर्ता सुहास शेट्टी हत्याकांड में तीन और आरोपी गिरफ्तार

मंगलुरु (कर्नाटक), 14 मई : मंगलुरु पुलिस की अपराध शाखा ने बाजपे थाना क्षेत्र में हुए विश्व हिंदू परिषद (विहिप) कार्यकर्ता सुहास शेट्टी हत्याकांड में शामिल तीन और फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि आरोपियों की पहचान अजरुद्दीन उर्फ अजर उर्फ अज्जू (29), अब्दुल कादिर उर्फ नौफल (24) और वामनजूर नौशाद उर्फ छोटे नौशाद (39) के रूप में हुई है, जिन्हें पिछले दो दिनों के दौरान गिरफ्तार किया गया.

इसके साथ ही इस मामले में अब तक 11 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है. घटना के दो दिनों बाद ही पुलिस ने मामले के आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था. पुलिस द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, आरोपियों में से एक अजरुद्दीन के खिलाफ पहले भी पनंबूर, सूरतकल, मुल्की पुलिस थानों में चोरी के तीन मामले दर्ज हैं. उसने कथित तौर पर सुहास शेट्टी की गतिविधियों के बारे में अन्य आरोपियों को जानकारी देकर हत्या में सहयोग किया था. पुलिस ने बताया कि आरोपी अब्दुल कादिर ने कथित तौर पर हत्या को अंजाम देने के बाद आरोपियों को मौका ए वारदात से कार में भागने में मदद की थी. यह भी पढ़ें : Jammu and Kashmir: जम्मू-कश्मीर के त्राल में आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़, पूरे इलाके की घेराबंदी

उन्होंने बताया कि अन्य आरोपी नौशाद पर सुहास शेट्टी की हत्या के लिए अन्य आरोपियों के साथ साजिश रचने और हत्या में शामिल होने का आरोप है. उसके खिलाफ पहले भी सूरतकल, बाजपे, मूडबिद्री, मंगलुरु उत्तर, बंटवाल ग्रामीण पुलिस थानों में हत्या, हत्या के प्रयास, डकैती की साजिश सहित कुल छह मामले दर्ज हैं. अजरुद्दीन को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि कादिर और नौशाद को आगे की जांच के लिए सात दिनों की पुलिस हिरासत में लिया गया है. पुलिस ने कहा कि जांच जारी है और मामले में शामिल अन्य आरोपियों का पता लगाने के प्रयास जारी हैं.

(The above story first appeared on LatestLY on May 15, 2025 12:32 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).