देश की खबरें | कर्नाटक चुनाव देश के लोकतांत्रिक ताने-बाने की रक्षा के लिए अहम: कांग्रेस नेता पृथ्वीराज चव्हाण
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस नेता और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण ने शुक्रवार को कहा कि कर्नाटक चुनाव देश के लोकतांत्रिक ताने-बाने को बचाने के लिहाज से अहम है। उन्होंने कहा कि देश के लोग अघोषित आपातकाल को महसूस कर रहे हैं।
मंगलुरु, पांच मई कांग्रेस नेता और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण ने शुक्रवार को कहा कि कर्नाटक चुनाव देश के लोकतांत्रिक ताने-बाने को बचाने के लिहाज से अहम है। उन्होंने कहा कि देश के लोग अघोषित आपातकाल को महसूस कर रहे हैं।
पार्टी के चुनाव प्रचार के लिए यहां आए चव्हाण ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि देश में संवैधानिक निकायों को स्वतंत्र रूप से काम करने की अनुमति नहीं दी जा रही है, जिससे अघोषित आपातकाल के हालात बन रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कर्नाटक में विधानसभा चुनाव ना केवल राज्य के लिए महत्वपूर्ण है, बल्कि देश के लोकतांत्रिक ताने-बाने की रक्षा के लिए पहला कदम भी है।
कर्नाटक में 10 मई को मतदान होगा और नतीजे 13 मई को आएंगे। उन्होंने कहा कि 2024 का लोकसभा चुनाव एक निर्णायक चुनाव होगा जो इस देश में लोकतंत्र के भाग्य का फैसला करेगा।
चव्हाण ने आरोप लगाया कि राज्य में एक भ्रष्ट ‘डबल इंजन’ सरकार काम कर रही है, जहां एक मुख्यमंत्री ने ‘भ्रष्टाचार के आरोपों पर इस्तीफा दे दिया’, जबकि दूसरे को हर परियोजना पर ‘40 प्रतिशत कमीशन शुल्क’ लेने के आरोप का सामना करना पड़ रहा है। डबल इंजन सरकार से आशय केंद्र और राज्य में एक ही पार्टी की सरकार से है।
चव्हाण ने कहा कि यहां तक कि भाजपा विधायक आरोप लगा रहे हैं कि मुख्यमंत्री पद के लिए 2500 करोड़ रुपये निर्धारित कर दिये गये हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि, ‘‘भाजपा को जनता ने पिछली बार नकार दिया था, लेकिन उसने खरीद-फरोख्त और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आशीर्वाद से सत्ता चुरा ली।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)