देश की खबरें | कर्नाटक के मंत्री ने वायनाड भूस्खलन की घटना में राहत प्रयासों में उद्योग जगत से सहयोग मांगा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केरल के वायनाड में हुए विनाशकारी भूस्खलन के मद्देनजर पड़ोसी राज्य कर्नाटक के मंत्री एमबी पाटिल ने कर्नाटक के उद्योग जगत की हस्तियों और निगमों से राहत एवं पुनर्वास प्रयासों के लिए सहयोग देने की अपील की।
बेंगलुरु, 10 अगस्त केरल के वायनाड में हुए विनाशकारी भूस्खलन के मद्देनजर पड़ोसी राज्य कर्नाटक के मंत्री एमबी पाटिल ने कर्नाटक के उद्योग जगत की हस्तियों और निगमों से राहत एवं पुनर्वास प्रयासों के लिए सहयोग देने की अपील की।
भूस्खलन की इस घटना में 200 से अधिक लोगों की जान चली गई है और अनेक लोग लापता हैं।
उद्योग जगत की हस्तियों को लिखे एक पत्र में बड़े और मध्यम उद्योग तथा बुनियादी ढांचा विकास मंत्री पाटिल ने कर्नाटक के औद्योगिक विकास में उनके निरंतर योगदान के लिए आभार व्यक्त किया।
मंत्री के कार्यालय द्वारा जारी एक बयान में कहा गया कि इस आपदा से अनेक लोग आश्रय, भोजन और बुनियादी जरूरतों की चीजों से वंचित हो गए हैं।
उन्होंने औद्योगिक क्षेत्र से आग्रह किया है कि वह आगे आए और केरल सरकार के नेतृत्व में जारी राहत कार्यों में उदारतापूर्वक योगदान दे।
मंत्री ने अपनी अपील में कहा, ‘‘हाथ मिलाकर हम वायनाड में आशा की किरण जगाने और जीवन को पटरी पर लाने में मदद कर सकते हैं।’’
उन्होंने उद्योग जगत के लोगों को निर्देश दिया है कि वे अपने योगदान के संबंध में किसी भी स्पष्टीकरण या सहायता के लिए औद्योगिक विकास आयुक्त गुंजन कृष्णा के साथ समन्वय करें।
पाटिल ने कहा कि ऐसे मानवीय संकट के समय मानवता की भावना सर्वोपरि होनी चाहिए।
केरल के वायनाड में 30 जुलाई को हुए भूस्खलन के कारण कम से कम 226 लोगों की मौत हो गई है और अनेक लोग लापता हैं। इस दक्षिणी राज्य में आई यह सबसे बड़ी प्राकृतिक आपदा है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)