एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | बढ़ते तापमान से तप रहा कर्नाटक; बेंगलुरू में अगले एक सप्ताह तक बारिश की संभावना नहीं

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कर्नाटक में तापमान बढ़ रहा है, तो वहीं बेंगलुरु के निवासियों को गर्मी से राहत मिलने की संभावनाएं नहीं है और भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले एक सप्ताह तक आईटी हब में बारिश नहीं होने का अनुमान व्यक्त किया है।

देश की खबरें | बढ़ते तापमान से तप रहा कर्नाटक; बेंगलुरू में अगले एक सप्ताह तक बारिश की संभावना नहीं

बेंगलुरु, आठ अप्रैल कर्नाटक में तापमान बढ़ रहा है, तो वहीं बेंगलुरु के निवासियों को गर्मी से राहत मिलने की संभावनाएं नहीं है और भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले एक सप्ताह तक आईटी हब में बारिश नहीं होने का अनुमान व्यक्त किया है।

आईएमडी के अनुसार, कर्नाटक के अंदरूनी में हल्की बारिश हुई, लेकिन तटीय क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहा।

मौसम विभाग ने मंगलवार को चिकमगलुरु, कोडागु और मैसूर जिले में अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना जताई है। राज्य के शेष जिलों में मौसम शुष्क ही रहेगा।

आईएमडी ने इसी तरह दस अप्रैल को कोडागु जिले के अलग-अलग स्थानों में हल्की बारिश होने और शेष जिलों में शुष्क मौसम रहने का अनुमान जताया है।

दक्षिण कन्नड़, उत्तर कन्नड़ और उडुपी जिले में अगले चार दिन गर्म और आर्द्र मौसम रहने का अनुमान है। इसके अगले दो दिन आंतरिक कर्नाटक के सभी जिलों में अधिकतम तापमान दो से चार डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है।

बेंगलुरु में रविवार को 37.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। शनिवार को राजधानी ने पिछले आठ साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। तब 37.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था।

आईएमडी के वैज्ञानिक ए. प्रसाद ने कहा कि अगले एक सप्ताह के दौरान राज्य के कुछ हिस्सों में बहुत हल्की बारिश होने की संभावना है।

उनके अनुसार, तटीय कर्नाटक के कुछ हिस्सों, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक के कुछ जिलों में हल्की बारिश होगी, लेकिन अल नीनो के प्रभाव के कारण राज्य के अधिकतर जिलों में बारिश नहीं होगी। उन्होंने कहा कि राज्य में अप्रैल के महीने में सामान्य से कम बारिश होने की संभावना है।

आईएमडी के अनुसार, कोप्पल, रायचूर और कलबुर्गी जिले में अगले दो दिन रात को तापमान अधिक रहेगा। आठ और नौ अप्रैल को उत्तर कन्नड़, बागलकोट, कलबुर्गी, रायचूर, यादगीर और बेल्लारी जिले में लू चलेगी।

राज्य स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, कर्नाटक में सात अप्रैल तक गर्मी से संबंधित बीमारी के 569 मामले सामने आए हैं।

आईएमडी ने 11 अप्रैल को बीदर, कलबुर्गी, रायचूर, विजयपुरा, यादगीर और कोडागु जिले के अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश और राज्य के बाकी हिस्सों में शुष्क मौसम की संभावना जताई है। 12 अप्रैल को आंतरिक कर्नाटक में अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश और तटीय कर्नाटक में शुष्क मौसम रहेगा।

मौसम विभाग के मुताबिक, राज्य के अलग-अलग स्थानों पर 13 अप्रैल को हल्की बारिश होने की संभावनाएं हैं। 14 अप्रैल को चामराजनगर, चिकमगलुरु, हासन, कोडागु, शिवमोगा जिले में अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश और शेष जिलों में शुष्क मौसम रहने का अनुमान है।

कर्नाटक के कई हिस्सों में लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा है। कलबुर्गी जिले में रविवार को राज्य में सबसे अधिक तापमान 42.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शनिवार को तापमान 43.1 डिग्री सेल्सियस और शुक्रवार को 43.3 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया था।

राज्य में बढ़ते हुए तापमान को देखते हुए डॉक्टरों ने लोगों को सलाह दी है कि वे अपने सिर को ढंके बिना बाहर न निकलें और लू से बचने के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 08, 2024 05:38 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).