कर्नाटक सरकार ने 512 करोड़ रुपये के तीसरे पैकेज की घोषणा की
जमात

बेंगलुरू, 15 मई कर्नाटक सरकार ने शुक्रवार को करीब 512 करोड़ रुपये के तीसरे आर्थिक पैकेज की घोषणा की जिसमें मक्का उगाने वाले किसानों को राहत दी गई और कोविड-19 से निजात पाने में जुटीं आशा कार्यकर्ताओं को भी प्रोत्साहन राशि दी गई।

मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा ने कहा कि करीब दस लाख मक्का किसानों को पांच-पांच हजार रुपये दिए जाएंगे वहीं मान्यता प्राप्त सामाजिक स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं (आशा) को सहकारी संस्थानों के माध्यम से तीन- तीन हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।

उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘करीब दस लाख मक्का किसान पीड़ित हैं क्योंकि उन्हें उचित मूल्य नहीं मिल रहा है, इसलिए मैंने निर्णय किया है कि हर किसान को पांच हजार रुपये की राहत दूंगा, यह करीब 500 करोड़ रुपये की प्रतिबद्धता है।’’

उन्होंने कहा कि राज्य में करीब 40,250 आशा कार्यकर्ता हैं और प्रत्येक को तीन हजार रुपये मिलेंगे जो करीब 12.50 करोड़ रुपये होते हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘राज्य की माली हालत सही नहीं होने के बावजूद हमने समस्याग्रस्त लोगों के लिए वित्तीय पैकेज की घोषणा की है। पहला पैकेज 1610 करोड़ रुपये, दूसरा 162 करोड़ रुपये और अब यह तीसरा पैकेज है।’’

येदियुरप्पा नीत भाजपा की सरकार ने कोविड-19 के कारण जारी लॉकडाउन से परेशान सब्जी एवं फल उगाने वाले किसानों, बुनकरों को बृहस्पतिवार को 162 करोड़ रुपये का राहत पैकेज देने की घोषणा की थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)