देश की खबरें | कर्नाटक: ‘ऑपरेशन हस्त’ से जुड़ी अटकलों के बीच सिद्धरमैया से मिले भाजपा के पूर्व मंत्री सोमशेखर
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कर्नाटक में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कुछ विधायकों के अपनी मूल पार्टी में लौटने के इच्छुक होने के बारे में ‘आपरेशन हस्त’ को लेकर जारी अटकलों के बीच भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री एस टी सोमशेखर ने रविवार को मुख्यमंत्री सिद्धरमैया से मुलाकात की।
बेंगलुरु,20 अगस्त कर्नाटक में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कुछ विधायकों के अपनी मूल पार्टी में लौटने के इच्छुक होने के बारे में ‘आपरेशन हस्त’ को लेकर जारी अटकलों के बीच भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री एस टी सोमशेखर ने रविवार को मुख्यमंत्री सिद्धरमैया से मुलाकात की।
इससे पहले दिन में, जनता दल (सेक्युलर) नेता अयानुर मंजूनाथ ने उपमुख्यमंत्री एवं कांग्रेस की प्रदेश इकाई के प्रमुख डी के शिवकुमार से मुलाकात की।
सोमशेखर ने एक बयान में कहा कि सिद्धरमैया के साथ उनकी बैठक ‘‘विकास और उनके निर्वाचन क्षेत्र’’ पर चर्चा के बारे में हुई।
शहर के यशवंतपुर से भाजपा विधायक ने मुख्यमंत्री से उनके आवास पर मुलाकात की।
बाद में, उन्होंने कहा कि बैठक सर एम विश्ववरैया लेआउट में एक मातृत्व अस्पताल की जरूरत और कांगेड़ी उपनगर के लिए एक फ्लाईओवर को लेकर थी।
सोमशेखर कांग्रेस नेताओं से मेलजोल रखे हुए हैं। हाल में, उन्होंने शिवकुमार की सराहना की थी और उन्हें अपना ‘‘राजनीतिक गुरु’’ बताया था।
इसबीच, मंजूनाथ से अपनी मुलाकात पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए शिवकुमार ने कहा कि कई लोग उनसे मिलते हैं। उन्होंने कहा कि वह नहीं बता सकते कि वे लोग उनसे क्यों मिल रहे हैं।
‘ऑपरेशन हस्त’ शब्दावली को भाजपा नेताओं और विधायकों को कांग्रेस के पाले में लाये जाने से जोड़ कर देखा जा रहा है।
‘हाथ’ कांग्रेस पार्टी का चुनाव चिह्न है और ‘ऑपरेशन हस्त’ को 2019 में भाजपा द्वारा चलाये गये ‘ऑपरेशन लोटस’ की जवाबी कार्रवाई बताया जाता है। उस समय कांग्रेस और जद(एस) के 17 विधायक भाजपा में शामिल हो गये थे।
‘ऑपरेशन लोटस’ के परिणामस्वरूप कांग्रेस-जद(एस) गठबंधन सरकार गिर गई थी।
भाजपा के कई विधायकों और नेताओं के कांग्रेस नेताओं के संपर्क में होने की अटकलों के बीच भाजपा ने अपने खेमे को एकजुट रखने की कवायद शुरू कर दी है। वह उन अंसतुष्ट विधायकों को मना रही है, जिनके बारे में बताया जा रहा है कि वे पार्टी से थोड़ी दूरी बना लिये हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने दो दिन पहले कहा था कि उन्होंने भाजपा विधायक और पूर्व मंत्रियों शिवराम हेब्बर तथा मुनिरत्न से बात की है।
बोम्मई ने संवाददाताओं से कहा था, ‘‘मैंने उनसे बात की और उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि वे पार्टी नहीं छोड़ने जा रहे हैं। हमने स्थानीय समस्याएं हमारी पार्टी के अध्यक्ष के संज्ञान में लाई हैं। हम एकजुट रहेंगे।’’
इस बीच, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव सी टी रवि ने कहा है कि वह जानते हैं कि ‘‘हाथ कैसे चलाना है।’’
इस पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए शिवकुमार ने रविवार को कहा, ‘‘सी टी रवि हमें धमकी दे रहे हैं कि वह हथेली काट देंगे। क्या हुआ जब आप (भाजपा), कांग्रेस और जद (एस) विधायकों को ले गए थे? जब आप दूसरों को धमकी दे सकते हैं, तो दूसरे भी आपको धमकी देना जानते हैं। आपने अपनी सरकार बनाने के लिए गठबंधन सरकार गिरा दी।’’
उन्होंने कहा कि वह किसी से कांग्रेस में शामिल होने को नहीं कह रहे हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)