देश की खबरें | कर्नाटक चुनाव के नतीजे भाजपा के ‘अंत की शुरुआत’: ममता बनर्जी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शनिवार को दावा किया कि कर्नाटक चुनाव के नतीजे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के ‘‘अंत की शुरुआत’’ हैं।

कोलकाता, 13 मई पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शनिवार को दावा किया कि कर्नाटक चुनाव के नतीजे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के ‘‘अंत की शुरुआत’’ हैं।

बनर्जी ने कहा कि कर्नाटक विधानसभा चुनाव में ‘‘क्रूर अधिनायकवादी और बहुसंख्यकवादी’’ राजनीति पराजित हुई है।

उन्होंने राज्य के लोगों को बधाई देते हुए कहा, ‘‘परिवर्तन के पक्ष में निर्णायक जनादेश के लिए कर्नाटक के लोगों को मेरा सलाम। क्रूर अधिनायकवादी और बहुसंख्यकवादी राजनीति को पराजित किया गया है।’’

उन्होंने भाजपा के मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी हार जाने का अनुमान जताया जहां उसका सामना कांग्रेस से होगा।

शनिवार को घोषित कर्नाटक विधानसभा के चुनाव परिणामों में कांग्रेस ने भाजपा को पटखनी दी।

बनर्जी ने पत्रकारों से कहा, ‘‘मुझे लगता है कि भाजपा छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के आगामी चुनावों में भी हार जायेगी।’’

इससे पूर्व तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख बनर्जी ने ट्वीट किया, ‘‘जब लोग बहुलता और लोकतांत्रिक ताकतों को जिताना चाहते हैं, तो कोई भी उन्हें दबा नहीं सकता, यही कहानी की सीख है। कल के लिए सबक है।’’

कांग्रेस नेता राहुल गांधी को लोकसभा की सदस्यता से अयोग्य ठहराये जाने के बाद बनर्जी ने कहा था कि वह भाजपा और कांग्रेस दोनों से समान दूरी बनाये रखेगी।

पिछले महीने जद (यू) प्रमुख एवं बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ बैठक के बाद, बनर्जी ने औपचारिक रूप से घोषणा की थी कि वह कांग्रेस सहित एक संयुक्त विपक्ष का हिस्सा होंगी, जो 2024 में भाजपा को चुनौती देगा।

शनिवार को बनर्जी की टिप्पणियों को न केवल भाजपा पर एक कड़े हमले के रूप में देखा जा रहा है, बल्कि इसे कांग्रेस के प्रति अप्रत्यक्ष समर्थन के रूप में भी देखा जा रहा है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\