देश की खबरें | कर्नाटक : कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने राहुल गांधी पर टिप्पणी के लिए भाजपा विधायक भरत शेट्टी की आलोचना की

मंगलुरु (कर्नाटक), 10 जुलाई कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं ने राहुल गांधी पर टिप्पणी करने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक भरत शेट्टी पर बुधवार को निशाना साधा।

भाजपा विधायक ने रविवार को सुरथकल में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा था कि नेता विपक्ष राहुल गांधी को ‘संसद के अंदर गिरफ्तार कर थप्पड़ मारे जाने चाहिए’।

भाजपा विधायक का यह बयान सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से प्रसारित हो गया और कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं ने बयान को लेकर मीडिया में व सोशल मीडिया मंचों पर अपनी नाराजगी व्यक्त की।

कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) के कार्यकारी अध्यक्ष मंजूनाथ भंडारी ने यहां संवाददाताओं को संबोधित करते हुए भाजपा विधायक पर कटाक्ष किया और पूछा, “वे संसद में कैसे प्रवेश करेंगे? क्या वह नेता विपक्ष पर हमला करने के लिए हथियार लेकर जाएंगे? क्या शेट्टी आतंकवादी हैं?”

उन्होंने कहा, “मुझे यकीन है कि भरत शेट्टी कांग्रेस पार्टी के एक आम कार्यकर्ता से सीधे बात भी नहीं कर सकते और राहुल गांधी से भिड़ना तो दूर की बात है।”

भंडारी ने भाजपा नेताओं और विधायकों के राहुल गांधी पर भड़कने का मुख्य कारण प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा कांग्रेस नेता को ‘बालक बुद्धि’ करार दिया जाना बताया।

उन्होंने कहा कि इस शब्द को सदन की कार्यवाही से ‘हटाया’ जाना चाहिए।

भंडारी ने कहा कि हाल के दिनों में दक्षिण कन्नड़ जिले में भाजपा विधायकों के व्यवहार के कारण ‘हमें तटीय क्षेत्र से विधायक चुनने में शर्म आ रही है।’

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा राज्य में कांग्रेस सरकार की उपस्थिति को स्वीकार नहीं कर पा रही है इसलिए वह दंगों की साजिश रच रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

img