एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | कर्नाटक : कांग्रेस ने मादक पदार्थ तस्करी मामले में कलबुर्गी ब्लॉक अध्यक्ष को निष्कासित किया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस ने सोमवार को कलबुर्गी जिले में अपने ब्लॉक अध्यक्ष को निष्कासित कर दिया। यह कदम ऐसे वक्त उठाया गया है जब खबर आई थी कि मादक पदार्थ तस्करी के एक मामले में महाराष्ट्र में उनकी गिरफ्तारी हुई है।

देश की खबरें | कर्नाटक : कांग्रेस ने मादक पदार्थ तस्करी मामले में कलबुर्गी ब्लॉक अध्यक्ष को निष्कासित किया

कलबुर्गी (कर्नाटक), 14 जुलाई कांग्रेस ने सोमवार को कलबुर्गी जिले में अपने ब्लॉक अध्यक्ष को निष्कासित कर दिया। यह कदम ऐसे वक्त उठाया गया है जब खबर आई थी कि मादक पदार्थ तस्करी के एक मामले में महाराष्ट्र में उनकी गिरफ्तारी हुई है।

कलबुर्गी जिला कांग्रेस कमेटी ने एक बयान में कहा, "गुलबर्ग दक्षिण ग्रामीण ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष लिंगराज कन्नी को मीडिया में आए उन आरोपों के बाद तत्काल प्रभाव से कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया गया कि वह मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल थे।"

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस पर हमला करते हुए दावा किया कि कन्नी कलबुर्गी जिले के प्रभारी मंत्री प्रियंक खरगे के करीबी सहयोगी हैं।

भाजपा ने 'एक्स' पर कन्नी के साथ प्रियंक की तस्वीरों के साथ एक पोस्ट में कहा, "एक मंत्री के करीबी सहयोगी और जिला स्तर के कांग्रेस नेता की मादक पदार्थ गतिविधियों में गिरफ्तारी कांग्रेस पार्टी के नैतिक पतन का प्रमाण है।"

भाजपा ने प्रियंक पर निशाना साधते हुए कहा, "क्या आपको अपने साथ ड्रग डीलरों को रखने में शर्म नहीं आती?"

भाजपा की आलोचना पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रियंक ने कहा, "कांग्रेस ने कन्नी के खिलाफ कार्रवाई की है और उन्हें पार्टी से निकाल दिया है।"

प्रियंक ने ‘पीटीआई वीडियो’ से कहा, "भाजपा के पास करने के लिए और कुछ नहीं है, वे मुझे किसी भी तरह से बदनाम करना चाहते हैं। इस बात से इनकार नहीं किया जा सकता कि वह व्यक्ति (कन्नी) कांग्रेस में पदाधिकारी था, जाहिर तौर पर वह महाराष्ट्र में 27,000 रुपये मूल्य की कफ सिरप बेचने की कोशिश कर रहा था।"

कांग्रेस नेता ने भाजपा से सवाल किया कि उसने अपने विधायक मुनिरत्न और येदियुरप्पा के खिलाफ क्या कार्रवाई की है, जो विभिन्न आरोपों का सामना कर रहे हैं।

प्रियंक ने कहा, "आपके यहां (भाजपा) ऐसे लोग हैं जो दलितों को गाली देते हैं, जो महिलाओं के साथ बलात्कार करते हैं और आपकी पार्टी में पॉक्सो (यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण) मामलों का एक आरोपी है और आप इसके बारे में बात नहीं करना चाहते...कम से कम हम कार्रवाई कर रहे हैं। अगर आपमें हिम्मत है तो मुनिरत्न और येदियुरप्पा पर कार्रवाई करें और फिर मेरे बारे में बात करें।"

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 14, 2025 05:36 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).