देश की खबरें | केएपीपी की इकाई-3 ने पूरी क्षमता के साथ संचालन शुरू किया, भारत की एक और उपलब्धि: प्रधानमंत्री

नयी दिल्ली, 31 अगस्त प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को कहा कि गुजरात के काकरापार स्थित परमाणु विद्युत परियोजना (केएपीपी) की इकाई-3 ने पूरी क्षमता के साथ संचालन शुरू कर दिया है। उन्होंने इसे एक और उपलब्धि बताया और इसके लिए वैज्ञानिकों व इंजीनियरों को बधाई दी।

केएपीपी-3 अपनी तरह का 700 मेगावाट क्षमता का प्रथम स्वदेशी दाबित भारी पानी रिएक्टर (पीएचडब्ल्यूआर) है। इसे भारतीय वैज्ञानिकों और अभियंताओं द्वारा स्वदेशी रूप से विकसित किया गया है।

प्रधानमंत्री ने सोशल नेटवर्किंग साइट 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "भारत ने एक और उपलब्धि हासिल की। गुजरात में 700 मेगावाट क्षमता वाले पहले सबसे बड़े स्वदेशी काकरापार परमाणु ऊर्जा संयंत्र की इकाई-3 ने पूरी क्षमता के साथ काम करना शुरू कर दिया है। हमारे वैज्ञानिकों और इंजीनियरों को बधाई।"

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)