नयी दिल्ली, चार जनवरी दिल्ली में कई किलोमीटर तक कार द्वारा घसीटे जाने के बाद जिस युवती की मौत हो गई, वह इसके अगले बाएं पहिये के नीचे फंस गई थी और गाड़ी के नीचे के हिस्सों पर खून के धब्बे पाए गए हैं। यह जानकारी प्रारंभिक फोरेंसिक निष्कर्ष से मिली है।
पुलिस उपायुक्त (बाहरी) हरेंद्र कुमार सिंह के साथ रोहिणी में फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला के चार सदस्यों की एक टीम ने बुधवार को दुर्घटना में शामिल वाहन की फिर से जांच की और अपराध स्थल का पुनर्चित्रण किया।
सूत्रों ने शुरुआती रिपोर्ट के हवाले से बताया कि कार द्वारा महिला की स्कूटी को टक्कर मारे जाने के बाद पीड़िता (कार के) अगले बाएं पहिये के नीचे फंस गई। वह बाहरी दिल्ली के सुल्तानपुरी से कंझावला तक 12 किलोमीटर तक कार के नीचे घसीटी गई।
अंजलि की स्कूटी को नव वर्ष को तड़के एक कार ने सुल्तानपुरी में टक्कर मार दी थी, जबकि उसका शव बाहरी दिल्ली के कंझावला में मिला था।
कथित तौर पर कार में सवार पांच लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या समेत अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पांचों आरोपियों को सोमवार को तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।
सूत्रों ने कहा, ‘‘शुरुआती जांच के मुताबिक, ऐसा कोई संकेत नहीं है कि महिलाएं कार के अंदर मौजूद थीं। खून के धब्बे भी कार के नीचे के हिस्सों पर पाए गए हैं।’’
उन्होंने कहा कि फोरेंसिक लैब द्वारा मामले के संबंध में दिल्ली पुलिस को तीन रिपोर्ट सौंपे जाने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि सौंपी जाने वाली तीन रिपोर्ट में से पहली रिपोर्ट दुर्घटनास्थल से लिए गए रक्त के नमूनों से संबंधित है, दूसरी रिपोर्ट पांच आरोपियों से लिए गए रक्त के नमूनों से संबंधित है और तीसरी अपराध स्थल के पुनर्चित्रण पर आधारित है।
एफएसएल में अपराध स्थल प्रबंधन प्रभाग के प्रमुख संजीव गुप्ता ने कहा, ‘‘हमारा चार सदस्यीय दल जांच के हिस्से के रूप में बुधवार को सुल्तानपुरी पुलिस थाने में दुर्घटना से संबंधित वाहन की फिर से जांच करने गया था।’’
अधिकारी ने कहा कि यह पता लगाने के लिए मंगलवार को पांचों आरोपियों के रक्त के नमूने लिए गए थे कि क्या उसमें अल्कोहल के अंश हैं।
एफएसएल निदेशक दीपा वर्मा ने कहा, "मामले को प्राथमिकता के तौर पर लिया गया है और हम जल्द से जल्द रिपोर्ट सौंपेंगे।"
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY