नयी दिल्ली, तीन जनवरी दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कंझावला इलाके में हुई घटना में जान गंवाने वाली युवती के परिवार को 10 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की मंगलवार को घोषणा की। साथ ही उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार इस मामले के लिए सर्वश्रेष्ठ वकील नियुक्त करेगी।
मुख्यमंत्री ने युवती की मां से भी बात की। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार उनके इलाज का पूरा खर्च उठाएगी।
पुलिस के अनुसार, नववर्ष की रात एक कार ने 20 वर्षीय युवती की स्कूटी को टक्कर मार दी और उसे 12 किलोमीटर तक घसीटती हुई ले गई। इस दौरान युवती की मौत हो गई।
कार में कथित तौर पर सवार पांच लोगों पर गैर इरादतन हत्या समेत अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। युवती परिवार में अकेली कमाने वाली थी। उसकी मां गुर्दा संबंधी बीमारी से पीड़ित हैं और उनका डायलिसिस होता है।
पुलिस पर इस मामले की जांच में ढुलमुल रवैया अपनाने के आरोप लग रहे हैं।
केजरीवाल ने ट्वीट किया, “पीड़िता की मां से बात हुई। बेटी को न्याय दिलवायेंगे। बड़े से बड़ा वकील खड़ा करेंगे। उनकी मां बीमार रहती हैं। उनका पूरा इलाज करवायेंगे। पीड़िता के परिवार को दस लाख रुपये का मुआवज़ा देंगे। सरकार पीड़िता के परिवार के साथ है। भविष्य में भी कोई ज़रूरत हुई तो हम पूरा करेंगे।”
पुलिस ने सोमवार को कहा था कि बाहरी दिल्ली के कंझावला इलाके में युवती का निर्वस्त्र शव मिला था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY