देश की खबरें | कंझावला घटना: सीसीटीवी फुटेज में दिखा उस खौफनाक रात को क्या हुआ था

नयी दिल्ली, तीन जनवरी सीसीटीवी की कुछ और फुटेज से यह पता चला है कि उस रात क्या हुआ था, जब 20 वर्षीय युवती अंजलि सिंह की मौत हुई थी।

मंगलवार को सामने आई सीसीटीवी फुटेज में यह देखा जा सकता है कि युवती एक स्कूटी से एक तंग सड़क से गुजर रही थी और तभी कुछ सेकंड बाद एक कार दूसरी ओर जा रही है और सड़क पर एक जूती पड़ी हुई नजर आती है।

पुलिस के मुताबिक, रविवार तड़के युवती की स्कूटी को एक कार ने टक्कर मार दी और उसे अपने नीचे 12 किलोमीटर तक घसीटते हुए ले गई। उसका शव बाहरी दिल्ली के कंझावला में एक सड़क पर निर्वस्त्र पाया गया था।

इस बीच, मंगलवार को सोशल मीडिया सामने आयी एक सीसीटीवी फुटेज में यह देखा जा सकता है कि हादसे से महज कुछ घंटे पहले युवती का एक होटल के बाहर एक महिला से झगड़ा हो रहा है।

सूत्रों ने बताया कि पुलिस ने उस होटल से सीसीटीवी फुटेज हासिल की है जहां युवती अपने कुछ मित्रों के साथ गई थी।

युवती एक कार्यक्रम प्रबंधन फर्म में अंशकालिक आधार पर काम करती थी।

घटना में शामिल कार में कथित तौर पर सवार पांच लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या सहित अन्य आरोपों के तहत सोमवार को मामला दर्ज किया गया।

दिल्ली पुलिस ने अपनी विशेष आयुक्त शालिनी सिंह के नेतृत्व में एक जांच समिति का गठन किया है और यथाशीघ्र एक रिपोर्ट सौंपने को कहा है।

एक स्थानीय अदालत ने सोमवार को सभी पांचों आरोपियों को तीन दिनों के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया।

युवती का पोस्टमार्टम यहां सोमवार को मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज में एक मेडिकल बोर्ड की निगरानी में किया गया।

पुलिस ने कहा, ‘‘पोस्टमार्टम की प्राथमिक रिपोर्ट के मुताबिक, युवती की मौत सिर, रीढ़ की हड्डी और शरीर के निचले अंगों में चोट लगने के परिणामस्वरूप रक्स्राव होने तथा आघात पहुंचने के चलते हुई।’’

रिपोर्ट में यह भी संकेत दिया गया है कि युवती को लगी कोई भी चोट उसका यौन उत्पीड़न होने का साक्ष्य नहीं देती है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)