एजेंसी न्यूज

Kanjhawala Case: छठा आरोपी गिरफ्तार, एक ने किया आत्मसमर्पण; नई सीसीटीवी फुटेज सामने आई

पुलिस ने उन खबरों का भी खंडन किया कि निधि, जो दुर्घटना के समय अंजलि की स्कूटी पर पिछली सीट पर बैठी थी, को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस ने कहा कि उसे केवल जांच में शामिल होने के लिए बुलाया गया था. पुलिस को सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगालने के बाद निधि का पता चला था. उसने मंगलवार को पुलिस के समक्ष अपना बयान दर्ज करावाया था.

Kanjhawala Case: छठा आरोपी गिरफ्तार, एक ने किया आत्मसमर्पण; नई सीसीटीवी फुटेज सामने आई
सांंकेतिक तस्वीर (Photo Credits: PTI)

नयी दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी के कंझावला (Kanjhawala) में एक युवती को कार से टक्कर मारे जाने के बाद लगभग दो घंटे तक सड़क पर घसीटने के मामले में पुलिस (Police) ने शुक्रवार को एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जबकि एक अन्य ने दिल्ली पुलिस (Delhi Police) के सामने आत्मसमर्पण कर दिया. इस मामले में नई सीसीटीवी फुटेज (CCTV Footage) सामने आई है जिसमें पीड़िता अंजलि सिंह और उसकी सहेली निधि घटना से कुछ घंटे पहले एक व्यक्ति के साथ दिख रही हैं.

पुलिस इस मामले में दीपक खन्ना (26), अमित खन्ना (25), कृष्ण (27), मिथुन (26) और मनोज मित्तल को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है. बाद में, उन्होंने आशुतोष को बुध विहार से गिरफ्तार किया जबकि मामले में अन्य आरोपी अंकुश खन्ना ने शुक्रवार शाम को सुल्तानपुरी थाना पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया. Shraddha Murder Case: आफताब की न्यायिक हिरासत चार दिन और बढ़ी, आरोपी ने अपने डेबिट और क्रेडिट कार्ड जारी करने की मांग की

सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद पुलिस ने पाया था कि आशुतोष और अंकुश आरोपियों को कथित तौर पर बचाने का प्रयास कर रहे थे. विशेष पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) सागर प्रीत हुड्डा ने कहा, ‘‘सुल्तानपुरी मामले में छठे आरोपी आशुतोष को गिरफ्तार किया गया है, जिसने पुलिस को गलत जानकारी दी थी. विस्तृत जांच चल रही है.’’

पुलिस ने उन खबरों का भी खंडन किया कि निधि, जो दुर्घटना के समय अंजलि की स्कूटी पर पिछली सीट पर बैठी थी, को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस ने कहा कि उसे केवल जांच में शामिल होने के लिए बुलाया गया था. पुलिस को सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगालने के बाद निधि का पता चला था. उसने मंगलवार को पुलिस के समक्ष अपना बयान दर्ज करावाया था.

पुलिस उपायुक्त (बाहरी) हरेन्द्र कुमार सिंह ने कहा, ‘‘ऐसी खबरें हैं कि निधि को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. यह स्पष्ट किया जाता है कि उसे केवल जांच में शामिल होने के लिए बुलाया गया है.’’ इस बीच, नई सीसीटीवी फुटेज सामने आई है, जिसमें निधि और अंजलि एक व्यक्ति के साथ स्कूटर पर नजर आ रही हैं. वह व्यक्ति उन्हें अंजलि के आवास के पास छोड़ देता है.

एक अन्य फुटेज में दोनों युवतियां पीड़िता के घर जाती हैं और बाद में पार्टी के लिए होटल की ओर बढ़ती हैं. इस बीच, गिरफ्तार छठे आरोपी को यहां की एक अदालत ने शुक्रवार को तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया. पुलिस ने आशुतोष को दिन में गिरफ्तार कर लिया था. मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट सान्या दलाल ने दिल्ली पुलिस द्वारा पांच दिन की रिमांड मांगे जाने के बाद उन्हें तीन दिन की हिरासत में पूछताछ की अनुमति दी.

आरोपी को पुलिस हिरासत में भेजे जाने का अनुरोध करते हुए पुलिस ने कहा कि आशुतोष ने चालक की पहचान के बारे में झूठा बयान दिया और मामले में प्रत्येक आरोपी की भूमिका और संबंध स्थापित करने के लिए आरोपी से हिरासत में पूछताछ आवश्यक है.

गौरतलब है कि कंझावला में रविवार की तड़के अंजलि सिंह (20) की स्कूटी को एक कार ने टक्कर मार दी थी और युवती को लगभग 12 किलोमीटर घसीटती हुई ले गई. घटना में युवती की मौत हो गई थी. अदालत ने बृहस्पतिवार को पांचों आरोपियों की पुलिस हिरासत की अवधि चार दिन के लिए बढ़ा दी थी.

उधर, मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को कहा कि दिल्ली सरकार ने अंजलि सिंह के परिवार के लिए 10 लाख रुपये की अनुग्रह राशि मंजूर की है. केजरीवाल ने ट्विटर पर कहा, “अंजलि की दर्दनाक मौत ने पूरे देश को झकझोर दिया. इसकी भरपाई तो नहीं की जा सकती, लेकिन उनके परिवार की मदद के लिए दिल्ली सरकार से आज दस लाख रुपये मंजूर किए. हम पूरी तरह से उनके परिवार के साथ हैं और उनकी हर तरह से मदद करेंगे.”

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jan 06, 2023 11:06 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).