देश की खबरें | कंझावला मामला: अंत्यपरीक्षण रिपोर्ट में पीड़िता के यौन उत्पीड़न के संकेत नहीं, दोस्त के बयान दर्ज
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. नए साल पर बाहरी दिल्ली में एक कार द्वारा अंजलि सिंह को टक्कर मारने और 12 किलोमीटर तक घसीटने के दो दिन बाद, पीड़िता की दोस्त ने मंगलवार को पुलिस के समक्ष अपना बयान दर्ज कराया। वहीं, पीड़िता की प्रारंभिक अंत्यपरीक्षण रिपोर्ट के अनुसार चोट से ऐसे कोई संकेत नहीं मिले कि पीड़िता का यौन उत्पीड़न हुआ।
नयी दिल्ली, तीन जनवरी नए साल पर बाहरी दिल्ली में एक कार द्वारा अंजलि सिंह को टक्कर मारने और 12 किलोमीटर तक घसीटने के दो दिन बाद, पीड़िता की दोस्त ने मंगलवार को पुलिस के समक्ष अपना बयान दर्ज कराया। वहीं, पीड़िता की प्रारंभिक अंत्यपरीक्षण रिपोर्ट के अनुसार चोट से ऐसे कोई संकेत नहीं मिले कि पीड़िता का यौन उत्पीड़न हुआ।
दिल्ली के कंझावला में हुई घटना में जान गंवाने वाली 20 वर्षीय युवती का मंगलवार शाम भारी सुरक्षा के बीच अंतिम संस्कार किया गया। सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद पुलिस ने अंजलि की दोस्त का पता लगाया। अंजलि की दोस्त ने कहा कि वे नए साल की पूर्व संध्या पर एक होटल में कुछ दोस्तों से मिलने गई थीं और आरोप लगाया कि ‘नशे में’ होने के बावजूद, पीड़िता पार्टी के बाद स्कूटी चलाना चाहती थी।
अन्य चश्मदीद गवाहों के विपरीत, पीड़िता की दोस्त ने दावा किया कि उस कार में कोई संगीत नहीं बज रहा था जिसने उन्हें टक्कर मारी थी। साथ ही उसने दावा किया कि ड्राइवर को पता था कि अंजलि पहियों के नीचे घिसटती जा रही है।
दिल्ली महिला आयोग (डीसीडब्ल्यू) की प्रमुख स्वाति मालीवाल ने पीड़िता को बदनाम करने के प्रति आगाह किया और उसकी दोस्त के दावों की जांच की मांग की।
पुलिस ने कहा कि चश्मदीद के बयान आरोपियों को सजा दिलाने में महत्वपूर्ण सबूत होंगे तथा कुछ और सीसीटीवी फुटेज बरामद किए गए हैं जो रविवार रात की घटनाओं के क्रम को स्थापित करने में मदद कर सकते हैं।
घटना को लेकर और शुरू में पुलिस द्वारा दिखाई गई कथित लापरवाही को लेकर लोगों में रोष बढ़ने के बीच पीड़िता के आवास के बाहर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई।
‘‘अंजलि को इंसाफ दो’’ लिखे बैनर लिए बड़ी संख्या में लोग पीड़िता के अंतिम संस्कार में शामिल हुए। इस दौरान लोगों ने आरोपियों को फांसी देने की मांग की।
युवती का पोस्टमार्टम मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज (एमएएमसी) परिसर में एक मेडिकल बोर्ड की निगरानी में किया गया। डॉक्टरों के मुताबिक युवती की मौत सिर, रीढ़ की हड्डी और निचले अंगों में चोट लगने के परिणामस्वरूप रक्तस्राव होने तथा आघात पहुंचने के चलते हुई।
डॉक्टरों ने आरंभिक रिपोर्ट में कहा है, ‘सिर, रीढ़ की हड्डी, बायीं जांघ की हड्डी और दोनों पैरों में गंभीर चोट पहुंचने के परिणामस्वरूप रक्तस्राव हुआ और आघात लगा। सभी चोटें संभवत: वाहन से हुई दुर्घटना और घसीटे जाने के कारण लगीं।’’ डॉक्टरों ने कहा कि हालांकि, अंतिम रिपोर्ट रासायनिक विश्लेषण और जैविक नमूनों की रिपोर्ट मिलने के बाद दी जाएगी।
विशेष पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) सागर प्रीत हुड्डा ने कहा, ‘‘रिपोर्ट से संकेत मिलता है कि कोई भी चोट यौन उत्पीड़न का साक्ष्य नहीं देती है। अंतिम रिपोर्ट आने वाले समय में प्राप्त होगी। मामले की जांच जारी है।’’
अंजलि सिंह के चाचा ने पीटीआई- से कहा कि वे रिपोर्ट से संतुष्ट हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)