मुंबई/नयी दिल्ली, 25 मार्च महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के लिए कथित रूप से आपत्तिजनक शब्द के इस्तेमाल को लेकर अपने रुख पर अड़िग हास्य कलाकार कुणाल कामरा ने माफी मांगने से इनकार कर दिया।
वहीं शिंदे ने कामरा को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की मर्यादा व सीमा बनाए रखने की हिदायत दी और जोर देकर कहा कि वह तोड़फोड़ का समर्थन नहीं करते।
कामरा ने मुंबई में कार्यक्रम के दौरान विवादास्पद टिप्पणी से मचे घमासान के बाद सोमवार देर रात को एक पोस्ट में कहा, “मैं माफी नहीं मांगूंगा... मैं इस भीड़ से नहीं डरता और मैं अपने बिस्तर के नीचे छिपकर इसके शांत होने का इंतजार नहीं करूंगा।”
वहीं शिंदे ने कामरा द्वारा उनके बारे में की गई टिप्पणी की तुलना ‘सुपारी लेकर किसी के खिलाफ बोलने’ से करते हुए कहा कि कटाक्ष करते समय मर्यादा बनाए रखनी चाहिए, अन्यथा क्रिया की प्रतिक्रिया होती है।
मुंबई पुलिस ने कामरा को नोटिस जारी किया है।
अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि 36 वर्षीय कामरा को मानहानि के एक मामले में मुंबई में खार थाने में पेश होने को कहा गया है।
कामरा अक्सर सत्ता-विरोधी विचारों के कारण विवादों में रहे हैं।
कामरा ने शिवसैनिकों द्वारा स्टूडियो में तोड़फोड़ करने का एक संपादित वीडियो पोस्ट कर अपने रुख को और मजबूत किया।
इस वीडियो में स्टूडियो के अंदर शिवसेना के कार्यकर्ताओं को तस्वीरों जलाते हुए देखा जा सकता है। साथ ही वीडियो में कुणाल ‘हम होंगे कंगाल, हम होंगे कंगाल एक दिन... मन में अंधविश्वास, देश का सत्यानाश गाते हुए दिखाई दे रहे हैं।
कामरा ने अपने ‘एक्स’ हेडर फोटो पर एक डिस्क्लेमर लगाया है, जिसमें लिखा है ‘इस कार्यक्रम में अभद्र , आपत्तिजनक सामग्री है और यह उन लोगों के लिए अनुपयुक्त है जिनकी भावनाएं आहत हो सकती हैं। अगर आप इसे स्वेच्छा से देख रहे हैं और इस कारण होने वाले किसी भी आक्रोश या चोट के लिए कोई और नहीं बल्कि आप ही जिम्मेदार हैं’।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY