विदेश की खबरें | कमला हैरिस ही होंगी 2024 में उप राष्ट्रपति पद की दावेदार: बाइडन
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा है कि अगर वह 2024 में इस शीर्ष पद के लिए पुन: किस्मत आजमाएंगे तो उप राष्ट्रपति कमला हैरिस ही इस पद की दावेदार होंगी।
वाशिंगटन, 20 जनवरी अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा है कि अगर वह 2024 में इस शीर्ष पद के लिए पुन: किस्मत आजमाएंगे तो उप राष्ट्रपति कमला हैरिस ही इस पद की दावेदार होंगी।
राष्ट्रपति ने हैरिस के स्टाफ के बीच सामंजस्य नहीं होने और प्रशासन में उनके स्थान को लेकर संदेह के आरोप वाली अमेरिकी मीडिया की खबरों के बीच बुधवार को यह बात कही।
हैरिस (57) अमेरिकी उप राष्ट्रपति के रूप में पद संभालने वाली पहली महिला और पहली अश्वेत तथा एशियाई अमेरिकी हैं।
कैलीफोर्निया के ऑकलैंड में जन्मीं हैरिस की मां श्यामला गोपालन तमिलनाडु से अमेरिका आकर बस गयी थीं, वहीं उनके पिता डोनाल्ड जे हैरिस जमैका से अमेरिका आये थे।
जब एक संवाददाता ने बाइडन से पूछा कि क्या वह व्हाइट हाउस के लिए मताधिकार संबंधी विधेयक के लिहाज से हैरिस के काम से संतुष्ट हैं और क्या उन्हें एक बार फिर मौका देंगे तो अमेरिकी राष्ट्रपति ने स्पष्ट जवाब में कहा, ‘‘हां और हां’’।
अपने कार्यकाल का एक साल पूरा होने के मौके पर व्हाइट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता में राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘पहली बात तो मेरे साथ वही उप राष्ट्रपति पद की दावेदार रहेंगी। और दूसरी बात मैंने उन्हें जिम्मेदारी दी है और वह अच्छा काम कर रही हैं।’’
इससे पहले हैरिस ने हाल में एनबीसी को दिये साक्षात्कार में इस प्रश्न पर जवाब देने से मना कर दिया था कि क्या वह 2024 में डेमोक्रेटिक पार्टी की उम्मीदवार होंगी। उन्होंने कहा था, ‘‘हम आज के बारे में सोच रहे हैं। मुझे पता है कि आप यह सवाल क्यों कर रहे हैं। हम उन चीजों पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं जो हमारे सामने मौजूद हैं।’’
सीएनएन की खबर के अनुसार बाइडन इस बात पर कायम हैं कि वह 2024 में फिर चुनाव लड़ेंगे जबकि वह उस समय 81 साल के होंगे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)