देश की खबरें | न्यायमूर्ति एस मुरलीधर ने उड़ीसा उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के तौर पर शपथ ग्रहण की

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. न्यायमूर्ति एस मुरलीधर ने उड़ीसा उच्च न्यायालय के 32वें मुख्य न्यायाधीश के तौर पर सोमवार को शपथ ग्रहण की।

एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

भुवनेश्वर (ओडिशा), चार जनवरी न्यायमूर्ति एस मुरलीधर ने उड़ीसा उच्च न्यायालय के 32वें मुख्य न्यायाधीश के तौर पर सोमवार को शपथ ग्रहण की।

ओडिशा के राज्यपाल गणेशी लाल ने यहां राजभवन में आयोजित एक सादे समारोह में नए मुख्य न्यायाधीश को पद की शपथ ग्रहण कराई।

राज्य के कानून मंत्री प्रताप जेना, नेता प्रतिपक्ष प्रदीप्ता कुमार नाइक, मुख्य सचिव एससी महापात्र, डीजीपी अभय, एसीएस गृह संजीव चोपड़ा और अन्य अधिकारी शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए।

मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने ट्वीट किया, ‘‘उड़ीसा उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किए जाने पर न्यायमूर्ति डॉ. एस मुरलीधर को बधाई। ओडिशा में उनका स्वागत है और मैं सफलतापूर्वक कार्यकाल के लिए उन्हें शुभकामनाएं देता हूं।’’

न्यायमूर्ति मुरलीधर से पहले न्यायमूर्ति मोहम्मद रफीक उड़ीसा उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश थे।

मुरलीधर का आठ अगस्त, 1961 में जन्म हुआ था। उनका 12 सितंबर, 1984 को वकील के रूप में पंजीकरण हुआ था और उन्होंने चेन्नई की दीवानी अदालतों, दिल्ली उच्च न्यायालय एवं उच्चतम न्यायालय में वकालत की।

मुरलीधर को 29 मई, 2006 में दिल्ली उच्च न्यायालय का अतिरिक्त न्यायाधीश नियुक्त किया गया था और 29 अगस्त, 2007 को उन्हें स्थायी न्यायाधीश बनाया गया। इसके बाद उन्हें छह मार्च, 2020 को पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय स्थानांतरित किया गया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now