देश की खबरें | पंजाब के फगवाड़ा में दो गुटों की झड़प में जूस विक्रेता की मौत, एक घायल

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पंजाब के फगवाड़ा-जालंधर राष्ट्रीय राजमार्ग पर चिहेड़ू के निकट दो गुटों की झड़प में एक जूस विक्रेता की मौत हो गई तथा उसका करीबी सहयोगी घायल हो गया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

फगवाड़ा (पंजाब), नौ सितंबर पंजाब के फगवाड़ा-जालंधर राष्ट्रीय राजमार्ग पर चिहेड़ू के निकट दो गुटों की झड़प में एक जूस विक्रेता की मौत हो गई तथा उसका करीबी सहयोगी घायल हो गया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि यह घटना शुक्रवार रात महेरू मार्ग पर एक निजी विश्वविद्यालय के गेट के पास हुई।

पुलिस उपाधीक्षक जसप्रीत सिंह मामले की जांच कर रहे हैं तथा मौके पर मौजूद हैं। उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान सुरखपुर के रहने वाले हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी (32) के रूप में हुई है।

उन्होंने बताया कि घायल की पहचान जालंधर छावनी निवासी अर्जुन सिंह राणा के रूप में हुई है तथा उसे फगवाड़ा सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया।

अधिकारी ने बताया कि हरप्रीत को पहले फगवाड़ा के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बाद में उसे जालंधर के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया। हरप्रीत के सिर में चोट लगी थी।

उन्होंने दो गुटों के बीच पुरानी रंजिश को घटना का कारण बताया। अधिकारी ने कहा कि झड़प में लाठियां, ईंट पत्थर और बोतलों का इस्तेमाल किया गया था।

अधिकारी ने घटना में किसी भी तरह की गोलीबारी की खबरों से इनकार किया। उन्होंने बताया कि झड़प में करीब दो दर्जन लोग शामिल थे। वे मोटरसाइकिल पर सवार थे तथा घटना के बाद मौके से फरार हो गये।

उन्होंने दावा किया कि झड़प में शामिल कुछ लोगों की पहचान कर ली गई है। इसमें शामिल सभी लोगों की पहचान करने के लिए सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है।

अधिकारी ने बताया कि गहन जांच की जा रही है तथा जल्द ही सभी दोषियों को पकड़ लिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि इस संबंध में भारतीय दंड विधान की धारा 302 एवं अन्य प्रासंगिक धाराओं के अधीन मामला दर्ज किया गया है।

अस्पताल में भर्ती घायल अर्जुन राणा ने पत्रकार से बातचीत में कहा कि जूस की दुकान चलान वाले हरप्रीत के साथ वह और उनका दोस्त सौरव एक अन्य दोस्त मणि के साथ उसके पीजी जा रहे थे।

राणा ने बताया, मणि निजी विश्वविद्यालय के गेट के पास खड़ा था। जब हम वहां पहुंचे, तभी मोटरसाइकिल पर सवार 25-30 हथियारबंद लोगों के एक समूह ने धारदार हथियारों से हम पर हमला कर दिया। हरप्रीत के सिर पर गंभीर चोट लगी।"

उन्होंने आरोप लगाया कि हमलावरों ने पिस्तौल भी लहरायी थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now