देश की खबरें | पंजाब में 'जुगाड़ रेहड़ी' पर रोक, विपक्षी दलों ने सरकार पर निशाना साधा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पंजाब पुलिस ने दुर्घटना का कारण बनने का हवाला देते हुए 'जुगाड़ रेहड़ी' पर प्रतिबंध लगा दिया है।

चंडीगढ़, 23 अप्रैल पंजाब पुलिस ने दुर्घटना का कारण बनने का हवाला देते हुए 'जुगाड़ रेहड़ी' पर प्रतिबंध लगा दिया है।

इस तरह की रेहड़ी को बेहद पुरानी हो चुकी मोटरसाइकिल से लकड़ी की ठेली को जोड़कर बनाया जाता है, जिसका उपयोग अक्सर सामान की ढुलाई के लिए किया जाता है।

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (यातायात) द्वारा 18 अप्रैल को लिखे गए पत्र में राज्य के पुलिस आयुक्तों और जिला पुलिस प्रमुखों को इस तरह की जुगाड़ रेहड़ी के खिलाफ विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है।

पंजाब के विपक्षी दलों ने पुलिस के इस कदम के बाद आम आदमी पार्टी के नेतृत्व वाली राज्य सरकार पर निशाना साधा और कहा कि इस तरह का प्रतिबंध हजारों लोगों को बेरोजगार कर देगा।

जुगाड़ रेहड़ी चलाने वाले लोगों ने भी राज्य सरकार के इस निर्णय की आलोचना की और सवाल उठाया कि अब वे किस तरह अपनी आजीविका कमाएंगे।

शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष दलजीत सिंह चीमा ने शनिवार को जारी एक बयान में कहा कि यह प्रतिबंध हजारों लोगों के लिए एक झटका साबित हुआ है।

चीमा ने कहा कि बिना जमीनी हालत का अध्ययन किए केवल आदेश जारी कर देना एक अच्छी शासन व्यवस्था का परिचायक नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रतिबंध का आदेश जारी करने से पहले भगवंत मान सरकार को ऐसे लोगों की आजीविका के वैकल्पिक अवसरों के बारे में निर्णय लेना चाहिए था।

कांग्रेस के विधायक सुखपाल खैरा ने राज्य सरकार के इस फैसले को ''बुरा निर्णय'' करार देते हुए दावा किया कि इससे करीब एक लाख परिवारों के लिए रोजी-रोटी का संकट खड़ा होगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\