शिवपुरी (मध्यप्रदेश), छह फरवरी मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले में बृहस्पतिवार को खेत में दुर्घटनाग्रस्त हुए भारतीय वायुसेना के मिराज-2000 लड़ाकू विमान के घायल पायलटों में से एक ने दर्द से कराहते हुए ग्वालियर एयरबेस के एक अधिकारी से बात करने के लिए संभवतः एक ग्रामीण से मोबाइल फोन उधार लिया था।
बरहेटा सुनारी गांव के पास दुर्घटनास्थल पर किसी व्यक्ति द्वारा रिकॉर्ड किए गए उनके बीच संवाद का दो मिनट का ऑडियो-वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
वीडियो में पायलट को यह कहते हुए सुना जा सकता है, "जोशी, जाधव बोल रहा हूं। मैं विमान से बाहर निकल आया हूं। मैं नदी के दक्षिण में कहीं हूं। मेरा विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। मेरे साथ भोला सर हैं। मैं आपको अपने निर्देशांक भेजूंगा। मेरा स्थान 2542¦ है। विमान जल रहा है और ऊपर से देखा जा सकता है। भोला सर मुझसे लगभग एक किमी दूर हैं। मैं संभवतः विमान के पश्चिम में हूं। भोला सर संभवतः विमान के पूर्व में हैं।"
बीच-बीच में वह अपने आस-पास के ग्रामीणों से चुप रहने के लिए कहता है ताकि वह बिना किसी व्यवधान के अधिकारी से बात कर सके। संदेश संप्रेषित करने के बाद पायलट ने पास बैठे एक ग्रामीण को फोन थमा दिया।
दर्द से कराह रहे पायलट को जब ग्रामीणों ने चिकित्सा सहायता की पेशकश की, तो उसने उन्हें बताया कि उन्हें अस्पताल ले जाने के लिए एक वाहन आ रहा है। इसके बाद पायलट ने गांव वालों से अपने सह-पायलट के बारे में पता लगाने को कहा।
रक्षा प्रवक्ता ने बताया कि भारतीय वायुसेना (आईएएफ) का मिराज-2000 लड़ाकू विमान दोपहर में खड़ी फसलों के एक खेत में दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
सेन्ट्रल एयर कमांड के प्रवक्ता ने बताया कि नियमित उड़ान पर निकला यह दो सीटों वाला प्रशिक्षण विमान दोपहर करीब 2.40 बजे दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद आग की चपेट में आ गया। लड़ाकू विमान ने ग्वालियर एयरबेस से उड़ान भरी थी।
अधिकारियों ने बताया कि विमान में सवार दोनों पायलट सुरक्षित बाहर निकल गए, लेकिन उन्हें चोटें आईं और उन्हें हेलीकॉप्टर से ग्वालियर ले जाया गया।
प्रवक्ता ने बताया कि पायलटों को ग्वालियर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
भारतीय वायुसेना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि सिस्टम में खराबी आने के बाद लड़ाकू विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
इसमें कहा गया, "दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच के आदेश दिए गए हैं।"
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY