देश की खबरें | जेएनयू ने मणिपुर हिंसा पर चर्चा वाले कार्यक्रम को रद्द करने को कहा, छात्र आयोजन पर अड़े

नयी दिल्ली, 18 मई जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) प्रशासन ने मणिपुर में हाल में हुई हिंसा पर छात्रों के एक समूह द्वारा परिसर में चर्चा करने करने के लिए आयोजित कार्यक्रम को बृहस्पतिवार को रद्द करने की ‘दृढ़ता से सलाह’ दी। हालांकि आयोजकों ने कहा कि कार्यक्रम तय के अनुसार होगा।

‘द कलेक्टिव’ नामक समूह ने कहा कि चर्चा बृहस्पतिवार रात साढ़े नौ बजे शुरू होगी।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने कहा, “प्रशासन के संज्ञान में आया है कि छात्रों के एक समूह ने ‘द कलेक्टिव’ के नाम से 18 मई, 2023 को रात साढ़े नौ बजे गंगा ढाबा में मणिपुर में हुई घटनाओं पर चर्चा के लिए एक पर्चा जारी किया है।

इसने कहा कि इस कार्यक्रम के लिए जेएनयू प्रशासन से कोई पूर्व अनुमति नहीं ली गई।

विश्वविद्यालय ने कहा, “इस तरह की गतिविधि से विश्वविद्यालय परिसर की शांति और सद्भाव भंग हो सकता है। संबंधित छात्रों/व्यक्तियों को दृढ़ता से सलाह दी जाती है कि प्रस्तावित कार्यक्रम को तत्काल रद्द कर दें।”

‘द कलेक्टिव’ द्वारा जारी पर्चे के मुताबिक, ‘मणिपुर में क्या हो रहा है, इसे समझे’ के लिए चर्चा का आयोजन किया जा रहा है।

‘द कलेक्टिव’ के संयुक्त सचिव सौर्य मजूमदार ने ‘पीटीआई-’ को बताया कि अनुमति के बिना चर्चा आयोजित करने के खिलाफ कोई नियम नहीं है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)