देश की खबरें | झामुमो गठबंधन ने 144 वादे किए थे, लेकिन एक भी वादा पूरा नहीं किया: चौहान
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को आरोप लगाया कि झारखंड में झामुमो नीत गठबंधन सरकार ने 144 वादे किए थे, लेकिन पिछले पांच साल में एक भी वादा पूरा नहीं किया गया।
रांची, दो नवंबर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को आरोप लगाया कि झारखंड में झामुमो नीत गठबंधन सरकार ने 144 वादे किए थे, लेकिन पिछले पांच साल में एक भी वादा पूरा नहीं किया गया।
उन्होंने आरोप लगाया कि गठबंधन सरकार ने राज्य को बर्बाद कर दिया है।
चौहान ने शनिवार को हुसैनाबाद और बिशुनपुर में चुनावी रैलियों को संबोधित किया। उन्होंने पार्टी उम्मीदवारों कमलेश कुमार सिंह और समीर उरांव के लिए वोट मांगे।
झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा के चुनाव प्रभारी चौहान ने कहा, ‘‘झारखंड में झामुमो, कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) गठबंधन सरकार ने पांच साल पहले 144 वादे किए थे, लेकिन पिछले पांच साल में एक भी वादा पूरा नहीं किया गया।’’
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के उम्र विवाद पर कटाक्ष करते हुए चौहान ने कहा कि झारखंड के मुख्यमंत्री एक ‘‘जादूगर’’ हैं, जिनकी उम्र पिछले पांच वर्षों में सात साल बढ़ गई है।
चौहान ने कहा, ‘‘उन्होंने 2019 में अपनी उम्र 42 साल बताई थी। पांच साल बाद 2024 में उनकी उम्र 47 साल होनी चाहिए, लेकिन वह कह रहे हैं कि वह 49 साल के हैं, जिसका मतलब है कि उनकी उम्र सात साल बढ़ गई है। या तो उन्हें अपनी उम्र याद नहीं है या फिर वह झूठ बोलने के आदी हैं।’’
हेमंत सोरेन के खिलाफ बरहेट सीट से चुनाव लड़ रहे भाजपा उम्मीदवार गमलील हेम्ब्रम ने 30 अक्टूबर को निर्वाचन आयोग में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि सोरेन ने अपने नामांकन हलफनामे में अपनी उम्र के बारे में गलत जानकारी दी है।
हेम्ब्रम ने अपनी शिकायत में कहा कि सोरेन ने 2019 के झारखंड विधानसभा चुनाव में दायर हलफनामे में अपनी उम्र 42 वर्ष बताई थी।
हेम्ब्रम ने शिकायत में दावा किया, ‘‘2024 के विधानसभा चुनावों के लिए उन्होंने हलफनामे में अपनी उम्र 49 साल बताई है। पांच साल में किसी व्यक्ति की उम्र सात साल कैसे बढ़ सकती है।’’
चौहान ने दावा किया कि झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो), कांग्रेस और राजद गठबंधन झारखंड के लोगों का कभी भला नहीं कर सकते।
उन्होंने कहा, ‘‘उन्होंने जंगल, खनिज और पानी से समृद्ध एक खूबसूरत राज्य को बर्बाद कर दिया है। सोरेन सरकार ने मनरेगा और जल जीवन मिशन के पैसे का गबन किया है।’’
चौहान ने दावा किया कि झारखंड में भाजपा की सरकार बनते ही पहली कैबिनेट बैठक में 2.87 लाख सरकारी रिक्त पदों को भरने के प्रस्ताव को मंजूरी दी जाएगी। उन्होंने कहा, ‘‘परीक्षा कब होगी, परिणाम कब आएगा और नियुक्ति पत्र कब वितरित किए जाएंगे, यह तय करने के लिए एक कैलेंडर तैयार किया जाएगा। सरकारी रिक्तियों को भरने के अलावा रोजगार के पांच लाख नए अवसरों का भी सृजन किया जायेगा।’’
चौहान ने कहा कि अगर झारखंड में भाजपा सत्ता में आती है, तो स्नातक और स्नातकोत्तर युवाओं को अच्छी नौकरी की तैयारी में मदद के लिए दो साल तक हर महीने 2,000 रुपये दिए जाएंगे और महिलाओं को हर महीने 2,100 रुपये की राशि दी जायेगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Nov 02, 2024 10:30 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

