Jammu and Kashmir: इमरान हाशमी की फिल्म की शूटिंग के दौरान पथराव करने के आरोप में युवक गिरफ्तार
जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले में बॉलीवुड अभिनेता इमरान हाशमी अभिनीत फिल्म 'ग्राउंड जीरो' की यूनिट के सदस्यों पर कथित रूप से पथराव करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है. अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी.
श्रीनगर, 20 सितंबर : जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले में बॉलीवुड अभिनेता इमरान हाशमी अभिनीत फिल्म 'ग्राउंड जीरो' की यूनिट के सदस्यों पर कथित रूप से पथराव करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है. अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी. मीडिया की कुछ खबरों के मुताबिक, रविवार को पहलगाम इलाके में फिल्म की शूटिंग के दौरान पथराव की घटना में अभिनेता घायल हो गए थे.
हालांकि, उन्होंने पथराव के दौरान घायल होने की खबरों को खारिज किया है. अभिनेता ने ट्वीट किया, ''कश्मीर के लोगों ने बहुत गर्मजोशी से मेरा स्वागत किया है. श्रीनगर और पहलगाम में शूटिंग करना मेरे लिए बेहद खुशी की बात है. पथराव की घटना में मेरे घायल होने की खबर गलत है.'' इस बीच, अनंतनाग पुलिस ने ट्वीट में कहा, ''18 सितंबर को पहलगाम में शाम सात बज कर 15 मिनट पर फिल्म की शूटिंग खत्म होने के बाद एक बदमाश ने फिल्म से जुड़े सदस्यों पर पथराव किया. यह भी पढ़ें : मोदी ने महापौरों से कहा, चुनाव केंद्रित सोच से शहरों का भला नहीं किया जा सकता
तदनुसार, इस सिलसिले में पहलगाम थाने में प्राथमिकी संख्या 77/2022 दर्ज की गई थी. बदमाश की पहचान के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया.'' गौरतलब है कि पिछले दो सप्ताह से इमरान हाशमी अभिनीत 'ग्राउंड जीरो' की शूटिंग कश्मीर में जारी है और उन्हें किसी भी समस्या का सामना नहीं करना पड़ा. हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि पहलगाम की घटना एक अलग घटना थी और इसमें केवल एक व्यक्ति शामिल था.
(The above story first appeared on LatestLY on Sep 20, 2022 02:32 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

