देश की खबरें | जम्मू-कश्मीर पुलिस 20 हजार से अधिक बुलेटप्रूफ जैकेट खरीदेगी

जम्मू, 12 अप्रैल जम्मू-कश्मीर पुलिस 20 हजार बुलेटप्रूफ जैकेट, हेडगियर समेत जवानों की सुरक्षा से संबंधित अन्य उपकरणों एवं वर्दी से जुड़ी चीजों की खरीद करेगी।

अधिकारियों ने कहा कि पुलिस मुख्यालय ने हाल ही में बुलेटप्रूफ जैकेट, हेडगियर (पटका), वाहन, चश्मा और पोडियम सहित विभिन्न वस्तुओं की खरीद के लिए छह ई-निविदाएं जारी की हैं।

उन्होंने कहा कि सुरक्षा के लिए 11,900 बुलेटप्रूफ हेडगियर और 8,200 जैकेट खरीदने के लिए ई-टेंडर जारी किए गए हैं। उन्होंने बताया कि बुलेटप्रूफ जैकेट तीन श्रेणियों-छोटी, मध्यम और बड़ी में आती हैं।

उन्होंने कहा कि कुल 11,900 बुलेटप्रूफ हेडगियर में से 4,900 जम्मू-कश्मीर पुलिस को और 7,000 सीआरपीएफ जवानों को दिए जाएंगे। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने 20 बुलेटप्रूफ पोडियम, 281 बुलेटप्रूफ ग्लास, दो बुलेटप्रूफ स्कॉर्पियो वाहन और 15 बुलेटप्रूफ मार्कसमैन वाहनों की खरीद के लिए भी निविदाएं जारी की हैं।

पुलिस मुख्यालय में तैनात सहायक महानिरीक्षक (परिवहन) के अनुसार इन सुरक्षा मदों की आपूर्ति के लिए निविदाएं इनके निर्माताओं या उनके अधिकृत डीलरों से ली गई हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)